शिक्षा मंत्रालय ने सीबीएसई से 2025 से वर्ष में दो बार बोर्ड परीक्षा के लिए तैयारी करने को कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 26 Apr 2024 07:20 PM
शिक्षा मंत्रालय ने सीबीएसई से 2025 से वर्ष में दो बार बोर्ड परीक्षा के लिए तैयारी करने को कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. शिक्षा मंत्रालय ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से 2025-26 शैक्षणिक सत्र से साल में दो बार बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने के संबंध में व्यवस्थागत तैयारी करने को कहा है. सूत्रों ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सेमेस्टर प्रणाली शुरू करने की योजना को खारिज कर दिया गया है. सूत्रों ने कहा कि मंत्रालय और सीबीएसई साल में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित करने के लिए अगले महीने स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ चर्चा करेंगे. उन्होंने बताया कि सीबीएसई वर्तमान में इस बात पर काम कर रहा है कि स्नातक प्रवेश कार्यक्रम को प्रभावित किए बिना एक और बोर्ड परीक्षा को समायोजित करने के लिए अकादमिक कैलेंडर को कैसे तैयार किया जाएगा.

एक सूत्र ने बताया, ”मंत्रालय ने सीबीएसई से इस बात पर काम करने को कहा है कि साल में दो बार बोर्ड परीक्षा किस तरह आयोजित की जाएगी. बोर्ड तौर-तरीकों पर काम कर रहा है और अगले महीने स्कूल के प्रधानाध्यापकों के साथ चर्चा की जाएगी.” सूत्र ने बताया ”2025-26 शैक्षणिक सत्र से वर्ष के अंत में बोर्ड परीक्षाओं के दो संस्करण आयोजित करने का विचार किया जा रहा है, लेकिन तौर-तरीकों पर अभी भी काम करने की जरूरत है. हालांकि, सेमेस्टर प्रणाली को लागू करने की कोई योजना नहीं है.” पिछले साल शिक्षा मंत्रालय द्वारा घोषित नए पाठ्यक्रम ढांचे (एनसीएफ) के अनुसार, बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि छात्रों के पास अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पर्याप्त समय और अवसर हो और उन्हें सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाए रखने का विकल्प मिले.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu