निर्वाचन आयोग ने 30 नवंबर को होने वाले तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 03 Nov 2023 12:47 PM
निर्वाचन आयोग ने 30 नवंबर को होने वाले तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की
ऑडियो सुनें

हैदराबाद: भारत निर्वाचन आयोग ने 30 नवंबर को होने वाले तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी और इसे तेलंगाना राजपत्र में प्रकाशित किया गया है। अधिसूचना के अनुसार, चुनाव के लिए नामांकन दायर करने की प्रक्रिया आज से शुरू हो जाएगी और 10 नवंबर तक इन्हें हर कार्यदिवस पर पूर्वाह्न 11 बजे से दिन में तीन बजे तक स्वीकार किया जाएगा।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवारों द्वारा दाखिल नामांकन पत्रों की जांच 13 नवंबर को की जाएगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 15 नवंबर है। नामांकन दाखिल करते समय निर्वाचन अधिकारी (आरओ) के कार्यालय से 100 मीटर की परिधि के भीतर उम्मीदवार के काफिले में केवल तीन वाहनों को जाने की अनुमति है, जबकि आरओ के कमरे के अंदर, चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार सहित केवल पांच व्यक्तियों को जाने की अनुमति है।

नामांकन पत्र के साथ उम्मीदवार को फॉर्म-26 में अपने आपराधिक इतिहास, संपत्ति, देनदारियों और शैक्षणिक योग्यता के बारे में जानकारी की घोषणा करते हुए एक हलफनामा दाखिल करना होगा। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 30 नवंबर को सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक होगा, जबकि कुछ स्थानों पर यह शाम चार बजे समाप्त होगा। वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav