बिना दूसरों को खतरे में डाले ‘टाइगर 3’ का आनंद लें : सलमान खान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 Nov 2023 06:32 PM
बिना दूसरों को खतरे में डाले ‘टाइगर 3’ का आनंद लें : सलमान खान
ऑडियो सुनें

मुंबई. दिवाली पर रिलीज हुई फिल्म ‘टाइगर 3’ की स्क्रीनिंग के दौरान एक थिएटर में पटाखे चलाने के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद अभिनेता सलमान खान ने सोमवार को प्रशंसकों से बिना दूसरों को खतरे में डाले फिल्म का आनंद लेने का आग्रह किया है.

पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र के नासिक जिले में मालेगांव छावनी इलाके में स्थित मोहन सिनेमा में रविवार रात को फिल्म के एक शो के दौरान प्रशंसकों ने पटाखे चलाए, जिससे फिल्म देख रहे लोगों के बीच डर का माहौल बन गया. सलमान ने ‘एक्स’ पर घटना की आलोचना की.

सलमान ने लिखा, ”मैंने ‘टाइगर 3′ के दौरान थिएटर में पटाखे चलाने के बारे में सुना. यह बहुत ही खतरनाक है. खुद को और दूसरों को खतरे में डाले बिना फिल्म का आनंद लें. सुरक्षित रहें.’ एक अधिकारी के मुताबिक, पुलिस भारतीय दंड संहिता की धारा 435 (नुकसान पहुंचाने के इरादे से आग या विस्फोटक पदार्थ से शरारत) और 336 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य) के तहत अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया में है.

उन्होंने बताया कि आरोपी व्यक्ति की पहचान का पता लगाया जाना बाकी है. यशराज फिल्म्स निर्मित ”टाइगर 3′ में कटरीना कैफ और इमरान हाशमी भी मुख्य भूमिका में हैं. मनीष शर्मा द्वारा निर्देशित फिल्म दिवाली के मौके पर रविवार को रिलीज हुई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu