अत्यधिक सावधानी बरतें: भारत ने इजराइल में अपने नागरिकों को परामर्श जारी किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 28 Feb 2026 02:42 PM
अत्यधिक सावधानी बरतें: भारत ने इजराइल में अपने नागरिकों को परामर्श जारी किया
ऑडियो सुनें

यरुशलम: ईरान पर इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमले के बाद भारत ने शनिवार को इजराइल में रह रहे अपने नागरिकों के लिए परामर्श जारी करते हुए उन्हें ”अत्यधिक सावधानी बरतने और हर समय सतर्क रहने” की सलाह दी है। भारत ने अपने परामर्श में कहा, ”क्षेत्र में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए इजराइल में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने और हर समय सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।” सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा गया है, ”भारतीय नागरिक इजराइली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों और निर्देशों का सख्ती से पालन करें।”

परामर्श में कहा गया है, ”सभी भारतीय नागरिक निर्धारित आश्रय स्थलों के नजदीक रहें और अपने निवास या कार्यस्थल के आसपास मौजूद सुरक्षित स्थानों के बारे में जानकारी रखें।” इसमें कहा गया है, ”भारतीय नागरिकों को अगले आदेश तक इजराइल के भीतर गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी जाती है। नागरिकों से स्थानीय समाचार, आधिकारिक घोषणाओं और आपातकालीन अलर्ट पर नियमित रूप से नजर रखने को कहा जाता है।” भारतीय दूतावास ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी जानकारी जारी करता रहेगा।

इजराइल ने शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान पर हमला किया, जिसके बाद शहर के मध्य क्षेत्र से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। ऐसा प्रतीत होता है कि यह हमला ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालयों के पास हुआ। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा, ”इजराइल ने अपने ऊपर खतरों को समाप्त करने के लिए ईरान के खिलाफ पूर्व-नियोजित हमला किया है।”

इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) की ‘होम फ्रंट कमांड’ ने नागरिकों को चेतावनी दी कि वे सायरन बजने की स्थिति में बम से बचने के लिए बनाए गए आश्रय स्थल के पास ही रहें। ‘होम फ्रंट कमांड’ के संदेश में कहा गया है कि ”सुरक्षा स्थिति को देखते हुए” नागरिक यह सुनिश्चित करें कि उनके नजदीक सुरक्षित आश्रय स्थल कहां है और वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav