बंगाल के बीरभूम में कोयला खदान में विस्फोट, छह लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 07 Oct 2024 08:05 PM
बंगाल के बीरभूम में कोयला खदान में विस्फोट, छह लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में सोमवार को एक कोयला खदान में एक ट्रक पर रखे विस्फोटकों में धमाका हो जाने से छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी. पश्चिम बंगाल विद्युत विकास निगम लिमिटेड (डब्ल्यूबीपीडीसीएल) के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट उस समय हुआ, जब गंगारामचक और गंगारामचक-भदुलिया कोयला खदानों में विस्फोट करने के लिए ट्रक से डेटोनेटर ले जाए जा रहे थे.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे भदुलिया गांव की एक कोयला खदान में हुई.
बीरभूम के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राणा मुखर्जी ने बताया, ” छह लोगों की मौत हुई है और तीन अन्य घायल हुए हैं.” डब्ल्यूबीपीडीसीएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक पी बी सलीम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”यह घटना कोयला ब्लॉक के ‘डंप यार्ड’ में हुई. विस्फोट के कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. विस्फोट में मारे गए लोग खदान का संचालन कर रही एजेंसी के कर्मचारी थे. हम प्रभावित श्रमिकों को सहायता प्रदान कर रहे हैं.” डब्ल्यूबीपीडीसीएल एक अन्य अधिकारी ने बताया कि संबंधित खान संचालक पीड़ित परिवारों को मुआवजा देगा.

घटनास्थल का दौरा करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं स्थानीय विधायक अनूप साहा ने कहा, ”घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. विस्फोटक सामग्री को पर्याप्त सावधानी बरते बिना ट्रक से उतारा गया था.” पश्चिम बंगाल सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी डब्ल्यूबीपीडीसीएल के पास पांच बिजली संयंत्र हैं और इनकी स्थापित क्षमता 4,265 मेगावाट है. चालू वित्त वर्ष में, अतिरिक्त 660 मेगावाट क्षमता बढ़ाए जाने की संभावना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu