एफआईएच प्रो लीग: भारतीय महिला हॉकी टीम अर्जेंटीना से 0-3 से हारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 May 2024 07:47 PM
एफआईएच प्रो लीग: भारतीय महिला हॉकी टीम अर्जेंटीना से 0-3 से हारी
ऑडियो सुनें

एंटवर्प (बेल्जियम). भारतीय महिला हॉकी टीम का एफआईएच प्रो लीग के बेल्जियम चरण में हार का सिलसिला जारी रहा और उसे रविवार को यहां अर्जेंटीना से 0-3 से पराजय मिली. भारत के बेल्जियम चरण के अंतिम मैच में अर्जेंटीना के लिए सेलिना डि सैंटो (पहले मिनट), मारिया कैंपॉय (39वें) और मारिया ग्रेनाटो (47वें मिनट) ने गोल किये. अर्जेंटीना ने पहले ही मिनट में बढ़त बना ली जब डि सैंटो ने ग्रेनाटो के शॉट पर गोल दागा.

अर्जेंटीना का दबदबा जारी रहा और भारत का संघर्ष जारी रहा. अर्जेंटीना को आठवें मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन इसमें टीम बढ़त बढ़ाने में असफल रही. भारत ने कुछ पास देने शुरू किये और उदिता के शॉट पर लालरेमसियामी गोल करने में विफल रहीं जब अर्जेंटीनी गोलकीपर क्लारा बारबेरी ने इसे रोका. अर्जेंटीना ने दूसरे क्वार्टर में दबदबा कायम रखते हुए कई पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये लेकिन बीचू देवी खारीबाम और सलीमा टेटे की सतर्क जोड़ी ने गेंद को नेट से बाहर रखने में मदद की. दीपिका भारतीय टीम को मिले एक पेनल्टी कॉर्नर का फायदा नहीं उठा सकीं. भारत को तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन कोई गोल नहीं हुआ.

अर्जेंटीना को 39वें मिनट में सफलता मिली, जब कैंपॉय ने सर्कल में प्रवेश कर सविता पूनिया को छकाते हुए अपनी बढ़त दोगुनी कर दी. भारत को इस क्वार्टर के आखिरी मिनट में गोल करने का मौका मिला लेकिन नवनीत कौर का प्रयास बारबेरी ने रोक दिया. अंतिम क्वार्टर शुरू होते ही अर्जेंटीना को पेनल्टी कॉर्नर मिला और ग्रेनाटो ने अगस्टिना गोर्जेलानी की फ्लिक को गोल में डालकर अपनी बढ़त में इजाफा किया. भारतीय महिला हॉकी टीम अब लंदन में एक जून को अपने अगले मैच में जर्मनी से भिड़ेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu