महाकाल मंदिर में कपूर आरती में गुलाल गिरने से आग लगी: उज्जैन जिलाधिकार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Mar 2024 10:26 PM
महाकाल मंदिर में कपूर आरती में गुलाल गिरने से आग लगी: उज्जैन जिलाधिकार
ऑडियो सुनें

उज्जैन. उज्जैन के महाकाल मंदिर में 25 मार्च को आग लगने से 14 पुजारी और ‘सेवक’ के घायल होने संबंधी मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को प्रारंभिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि आग कपूर आरती में गुलाल गिरने से लगी. होली के दिन शाम 5:50 बजे भस्म आरती के दौरान प्रसिद्ध मंदिर के गर्भ गृह में आग लगी थी.

उज्जैन के जिलाधिकारी नीरज कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “जांच समिति ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है. पता चला है कि मंदिर प्रबंधन द्वारा उपलब्ध नहीं कराया गया गुलाल ‘कपूर’ आरती पर गिर गया और आग लग गई. आग चार से पांच सेकंड में बुझा दी गई, लेकिन यह इतनी तेज थी कि कई लोग 25-30 प्रतिशत झुलस गए.”

कलेक्टर ने कहा, “जांच समिति को मंदिर के अंदर लोगों की संख्या के साथ-साथ गुलाल की मात्रा और प्रकार से संबंधित उल्लंघनों के बारे में भी पता चला. सुरक्षाकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में नहीं थे और कुछ स्थानों पर ताला लगा हुआ था, जिसके परिणामस्वरूप देरी हुई क्योंकि उन्हें खोलने में समय लगा.” उन्होंने कहा कि मंदिर समिति के कर्मचारियों की ओर से लापरवाही का पता चला है और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.

सिंह ने बताया, “फिलहाल, घटना के लिए मुख्य रूप से चार से पांच लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है. हालांकि, सभी संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज होने के बाद यह संख्या बढ़ सकती है. अंतिम रिपोर्ट जल्द ही सौंपी जाएगी.” घटना के बाद जिलाधिकारी ने जिला पंचायत सीईओ मृणाल मीणा और अपर जिलाधिकारी अनुकूल जैन को जांच के आदेश दिए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu