असम के बाजारों में बाहंजानी में निर्मित पटाखों की लोकप्रियता बरकरार, सरकारी संरक्षण का अभाव, बढ़ती उत्पादन लागत ने बढ़ाई चिंता….

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 03 Nov 2026 07:00 PM
असम के बाजारों में बाहंजानी में निर्मित पटाखों की लोकप्रियता बरकरार, सरकारी संरक्षण का अभाव, बढ़ती उत्पादन लागत ने बढ़ाई चिंता….
ऑडियो सुनें

नवभारत रिपोर्टर: रोशनी के पर्व दीपावली के आगमन में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में नलबाड़ी जिले के बाहंजानी गांव में पटाखा निर्माण का काम पूरी तेजी से चल रहा है। दीपावली को ध्यान में रखते हुए हर साल असम के विभिन्न बाजारों में बाहंजानी में स्थानीय स्तर पर निर्मित पटाखों की मांग लगातार बढ़ रही है। देश के विभिन्न हिस्सों में निर्मित पटाखों के बाजार में उपलब्ध होने के बावजूद अपनी विशिष्ट पहचान और गुणवत्ता के कारण बाहंजानी के पटाखे असम के बाजारों में विशेष लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं, लेकिन दूसरे राज्यों से आयातित पटाखों ने इस उद्योग की परेशानी बढ़ा दी है।

उल्लेखनीय है कि नलबाड़ी जिले के बाहंजानी अंतर्गत निज बाहंजानी गांव में वर्ष 1849 में ऐतिहासिक ‘मां-आइकन आतिशबाजी’ कारखाने की स्थापना की गई थी। लगभग 177 वर्षों का गौरवशाली इतिहास समेटे इस पारंपरिक उद्योग को वर्तमान में स्व. जगुरु तालुकदार और स्व. प्रसन्न तालुकदार के वंशज अनिरुद्ध तालुकदार, अखिल तालुकदार और अशोक तालुकदार आगे बढ़ा रहे हैं। पीढ़ी दर पीढ़ी स्थानीय कारीगरों के हुनर और मेहनत से इस पारंपरिक कला को जीवित रखा गया है। इस वर्ष दीपावली के अवसर पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए पहले की तुलना में बड़े आकार और कुछ अलग-अलग डिजाइनों के पटाखे तैयार किए जा रहे हैं। कारखाने में नौ प्रकार के पटाखों का निर्माण
किया जा रहा है। वहीं, इसी गांव के जयंत तालुकदार के स्वामित्व वाले ‘त्रिनयन आतिशबाजी’ कारखाने में भी दीपावली को लेकर विभिन्न प्रकार के पटाखों के निर्माण का काम जोर-शोर से चल रहा है।

आर्थिक परेशानियों का करना पड़ रहा है सामना

बढ़ती लोकप्रियता के बावजूद बाहंजानी का यह पारंपरिक उद्योग आज गंभीर संकट से गुजर रहा है। सरकारी सहायता और संरक्षण का अभाव, उत्पादन लागत में लगातार वृद्धि तथा बाहरी राज्यों से आयातित पटाखों के साथ बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने स्थानीय निमार्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विशेष रूप से दैनिक मजदूरी में वृद्धि और कच्चे माल की कीमतों में लगातार इजाफे के कारण छोटे पटाखा निमार्ताओं को भारी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस विषम परिस्थिति में बाहंजानी के आतिशबाजी उद्योग से जुड़े सौ से अधिक कारीगरों ने राज्य सरकार से इस पारंपरिक उद्योग को बचाने के लिए विशेष संरक्षण, आर्थिक सहायता तथा बाजार विस्तार की ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।

समय रहते आवश्यक कदम उठाने की जरूरत

कारीगरों का कहना है कि यदि सरकार ने समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए तो असम का यह ऐतिहासिक और गौरवशाली पारंपरिक उद्योग आने वाले दिनों में अस्तित्व के संकट से जूझने को मजबूर हो जाएगा। दीपावली के अवसर पर जहां बाहंजानी के कारीगर अपनी मेहनत और हुनर से रोशनी के पर्व को और भी आकर्षक बनाने में जुटे हैं, वहीं लगभग 177 वर्षों की इस विरासत को बचाए रखने के लिए उनकी निगाहें अब राज्य सरकार की सकारात्मक पहल पर टिकी हुई हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav