सलमान के घर के बाहर गोलीबारी : आरोपी ने हवालात में ‘आत्महत्या’ की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 May 2024 08:28 PM
सलमान के घर के बाहर गोलीबारी : आरोपी ने हवालात में ‘आत्महत्या’ की
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी ने बुधवार को हवालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अनुज थापन पर खान के मुंबई के बांद्रा स्थित आवास के बाहर 14 अप्रैल को गोलीबारी को अंजाम देने वाले दो हमलावरों को हथियार मुहैया कराने का आरोप था. उसे मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया था.

अधिकारी ने बताया कि दक्षिण मुंबई स्थित पुलिस आयुक्तालय परिसर में अपराध शाखा की इमारत है जिसकी पहली मंजिल पर बने हवालात के शौचालय में थापन ने चादर का फंदा बना कर फांसी लगा ली. उन्होंने बताया कि घटना अपराह्न एक बजे तब संज्ञान में आई जब अपराध शाखा के अधिकारी ने पाया कि थापन काफी देर से शौचालय में है. उन्होंने बताया कि जब दरवाजा तोड़ा गया तो उसे शौचालय की खिड़की में बंधे फंदे से लटका पाया गया.

अधिकारी ने बताया कि थापन को तुरंत सरकारी गोकुलदास तेजपाल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया. अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय हवालात में पांच आरोपी थी. गोलीबारी में थापन के दो सह आरोपियों को जांच के लिए हवालात से बाहर लाया गया था.

थापन (23) और सोनू कुमार बिश्नोई (32) को अपराध शाखा की टीम ने पंजाब की फाजिल्का से 26 अप्रैल को गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक दोनों ने सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी करने वाले हमलावर सागर पाल और विक्की गुप्ता को हथियार की आपूर्ति की थी.

पुलिस ने बताया कि दोनों 15 मार्च को मुंबई के नजदीक पनवेल आए थे और पाल एवं गुप्ता को दो देसी पिस्तौल और 38 कारतूस की आपूर्ति की थी. थापन और सोनू का गांव पंजाब में है और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गांव के करीब है. लॉरेंस इस समय अहमदाबाद की साबरमती जेल में कैद है और माना जा रहा है कि उसका छोटा भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका या कनाडा में है. उसे भी इस मामले में नामजद किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu