मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रैक्टर की टक्कर में पांच की मौत, 42 घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 16 Jul 2024 11:28 AM
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रैक्टर की टक्कर में पांच की मौत, 42 घायल
ऑडियो सुनें

मुंबई: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक बस के ट्रैक्टर से टकरा जाने के कारण कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 42 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बस में 54 ‘वारकरी’ (भगवान विट्ठल के भक्त) सवार थे जो मुंबई के पास ठाणे जिले में अपने गृहनगर डोंबिवली से आषाढ़ी एकादशी समारोह में हिस्सा लेने के लिए पंढरपुर जा रहे थे।

एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना नवी मुंबई में पनवेल के निकट मध्य रात्रि के आसपास हुई जब एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से जा रही बस ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।

पुलिस उपायुक्त विवेक पानसरे ने बताया कि बस में सवार तीन और ट्रैक्टर में सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है।

अधिकारी ने बताया कि ट्रैक्टर से टकराने के बाद बस, एक्सप्रेसवे पर लगे अवरोधक से टकराकर 20 फुट गहरी खाई में गिर गई।

उन्होंने बताया कि घायल तीर्थयात्रियों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से सात की हालत गंभीर है।

आषाढ़ी एकादशी बुधवार को मनाई जाएगी। हर साल लाखों वारकरी पंढरपुर की तीर्थयात्रा करते हैं जहां वे महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से आषाढ़ी एकादशी के मौके पर एकत्रित होते हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav