हिजबुल्ला के ड्रोन हमले में चार इजराइली सैनिक मारे गए, गाजा में 20 लोगों की मौत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 14 Oct 2024 04:31 PM
हिजबुल्ला के ड्रोन हमले में चार इजराइली सैनिक मारे गए, गाजा में 20 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

दीर अल-बला: मध्य इजराइल में रविवार को एक सैन्य अड्डे पर हिजबुल्ला के ड्रोन हमले में चार सैनिक मारे गए और सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सेना ने बताया कि लगभग दो सप्ताह पहले इजराइल द्वारा लेबनान पर शुरू किए जमीनी हमलों के बाद से यह आतंकवादी समूह द्वारा किया गया सबसे घातक हमला है।

लेबनान के हिजबुल्ला ने बिनयामीना शहर के पास हुए हमले को बेरूत पर बृहस्पतिवार को किए गए इजराइली हमलों का बदला बताया, जिसमें 22 लोग मारे गए थे।

बाद में उसने कहा कि उसने इजराइल की गोलानी ब्रिगेड को निशाना बनाया और ड्रोन हमलों के दौरान इजराइली वायु रक्षा प्रणालियों पर दर्जनों मिसाइलें दागीं। इजराइल की राष्ट्रीय बचाव सेवा ने कहा कि हमले में 61 लोग घायल हुए हैं। गाजा में युद्ध शुरू होने के बाद से हिजबुल्ला और इजराइल के बीच लगभग हर दिन लड़ाई होती रही है।

दो स्थानीय अस्पतालों के अनुसार, रविवार रात गाजा में हुए इजराइली हवाई हमलों में एक स्कूल के बच्चों सहित कम से कम 20 लोग मारे गए। युद्ध के कारण विस्थापित कई फलस्तीनियों ने नुसरत के उस स्कूल में शरण ले रखी थी।

इस बीच, सोमवार को अल-अक्सा मार्टियर्स अस्पताल के बाहर दीर अल-बला में विस्फोट हुआ। अस्पताल ने बताया कि विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और लगभग 50 अन्य घायल हो गए। तंबुओं में आग लग गई और मध्य गाजा समुदाय के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav