
छपरा: बिहार के सारण जिले में बुधवार की सुबह एक सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटना जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित ब्रह्मपुर-रेवेलगंज सड़क पर हुई।
छपरा सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में बताया, ”सुबह करीब पौने छह बजे ब्रह्मपुर से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन, जिसमें 12 लोग सवार थे, अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रक ने सड़क पर गिरे चार लोगों को कुचल दिया, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।”
उन्होंने बताया कि हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया है, जबकि चार अन्य का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस संबंध में यातायात थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। एसडीपीओ ने कहा कि मृतक उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी थे और पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।



