त्रिकूद खिलाड़ी ऐश्वर्या पर चार साल का प्रतिबंध, अपील के लिए 21 दिन का समय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Mar 2023 07:31 PM
त्रिकूद खिलाड़ी ऐश्वर्या पर चार साल का प्रतिबंध, अपील के लिए 21 दिन का समय
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत की शीर्ष त्रिकूद खिलाड़ी ऐश्वर्या बाबू को राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) के अनुशासनात्मक पैनल ने प्रतिबंधित एनाबॉलिक स्टेरॉयड के इस्तेमाल पर चार साल के लिए प्रतिबंधित किया है. पच्चीस साल की ऐश्वर्या को धाविका एस धनलक्ष्मी के साथ 2022 में र्बिमंघम राष्ट्रमंडल खेलों की टीम से बाहर कर दिया गया था क्योंकि ये स्टेरॉयड के लिए पॉजिटिव पाए गए थे जो विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) की प्रतिबंधित सूची में शामिल था.

नाडा के अपील पैनल से 13 फरवरी को प्रतिबंध का नोटिस मिलने के बाद ऐश्वर्या के पास प्रतिबंध के खिलाफ अपील करने के लिए छह मार्च तक का समय है. ऐश्वर्या पिछले साल 13 और 14 जून को चेन्नई में राष्ट्रीय अंतर राज्यीय चैंपियनशिप के दौरान ओस्टेरिन के लिए पॉजिटिव पाई गई थी जो एक सिलेक्टिव एंड्रोजेन रिसेप्टर मोडुलेटर (एसआरएएम) है.

ऐश्वर्या ने चैंपियनशिप में 14.14 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ त्रिकूद में स्वर्ण पदक जीता था. ऐश्वर्या को पिछले साल जुलाई में अस्थाई रूप से प्रतिबंधित किया गया था. नाडा ने कहा है कि ऐश्वर्या ने ‘एनाबॉलिक स्टेरॉयड’ का इस्तेमाल किया जो वाडा की 2022 की प्रतिबंधित सूची में शामिल है. एजेंसी ने कहा कि खिलाड़ी ने इसके इस्तेमाल के लिए उपचार के लिए छूट नहीं ली थी.

ऐश्वर्या ने अपने जवाब में कहा था कि उन्होंने प्रदर्शन में सुधार के लिए कोई प्रतिबंधित पदार्थ नहीं लिया. इस खिलाड़ी ने कहा कि फरवरी 2021 में जिम में भार उठाते हुए उन्हें चोट लगी थी और उनका कंधा खिसक गया था. उन्होंने उपचार कराया और इस चोट से उबर गईं. ऐश्वर्या ने कहा कि राष्ट्रीय अंतर राज्यीय चैंपियनशिप से पहले उन्होंने कड़ी मेहनत की जिससे उन्हें उसी स्थान (कंधे) पर दोबारा परेशानी का सामना करना पड़ा.

इतने ही जज्बे के साथ ट्रेनिंग की स्थिति में चोट के दोबारा उभरने के डर से ऐश्वर्या ने इस मुद्दे पर अपने साथी जगदीश के साथ चर्चा की जो स्वयं भी एक एथलीट हैं. जगदीश ने उन्हें ओस्टेरिन दवा खाने का सुझाव दिया और दावा किया कि यह पूरी तरह सुरक्षित है और दर्द से छुटकारा दिलाने तथा मांसपेशियों को ठीक करने में मदद करेगा.

नाडा के अनुशासनात्मक पैनल ने सवाल उठाया कि आखिर क्यों ऐश्वार्या ने अस्पताल या पंजीकृत डॉक्टर से संपर्क नहीं किया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ी ने नियमों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया और अपने साथी की सलाह पर ओस्टेरिन ली. पैनल ने कहा, ‘‘तथ्यों, हालात, पूर्व मामलों और नियमों को ध्यान में रखते हुए फैसला किया जाता है कि खिलाड़ी ने नाडा डोपिंग रोधी नियमों के नियम 2.1 और 2.2 का उल्लंघन किया है इसलिए उन्हें चार साल के लिए अयोग्य घोषित किया जाता है. अयोग्यता का समय अस्थाई निलंबन की तारीख से शुरू होगा जो 18 जुलाई 2022 है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu