मणिपुर में मैतेई, कुकी समुदायों के बीच विश्वास की कमी को पाटने पर काम कर रही सरकार: शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 May 2024 07:33 PM
मणिपुर में मैतेई, कुकी समुदायों के बीच विश्वास की कमी को पाटने पर काम कर रही सरकार: शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार मणिपुर में स्थायी शांति लाने के लिए मैतेई और कुकी समुदायों के बीच विश्वास की कमी को दूर करने पर काम कर रही है तथा लोकसभा चुनाव समाप्त होने के बाद इस प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ तेज किया जाएगा.

शाह ने शनिवार को पीटीआई-भाषा के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि मैतेई और कुकी समुदायों के बीच संघर्ष नस्लीय प्रकृति का है और इसलिए इसे बल के माध्यम से हल नहीं किया जा सकता. यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार को पूर्वोत्तर राज्य में हिंसा के चक्र को समाप्त करने के लिए कुछ कड़े कदम उठाने की जरूरत है, शाह ने कहा, ”मणिपुर में जो हो रहा है वह न तो दंगा है और न ही आतंकी हिंसा. इसलिए यह बल प्रयोग से शांत नहीं हो सकता. यह नस्लीय हिंसा है.” केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हिंसा दो समुदायों के बीच विचार-विमर्श और विश्वास की कमी के कारण हुई. उन्होंने कहा कि ‘कुछ घटनाओं’ के कारण यह स्थिति पैदा हुई.

उन्होंने कहा, ”हमें भरोसे को (दोनों समुदायों के बीच) बहाल करना होगा. इसमें समय लगता है. हम इस पर तेजी से काम कर रहे थे लेकिन चुनाव आ गया. इसके कारण इसमें देरी हुई है. यह स्वाभाविक भी है.” शाह ने कहा, ”क्योंकि, दोनों समुदायों के नेता अपने-अपने समुदाय के हितों या अपने स्वयं के राजनीतिक मुद्दों के बारे में बात करते हैं. लेकिन मतगणना के बाद सरकार इस पर बहुत प्राथमिकता के साथ काम करेगी. मुझे विश्वास है कि भविष्य में कोई हिंसा नहीं होगी.” मणिपुर में 3 मई, 2023 को बहुसंख्यक मैतेई समुदाय की अनुसूचित जनजाति के दर्जे की मांग के विरोध में राज्य के पहाड़ी जिलों में आदिवासी एकजुटता मार्च के बाद जातीय हिंसा भड़क उठी थी.

तब से, दोनों समुदायों के 220 से अधिक लोग और सुरक्षाकर्मी हिंसा में मारे गए हैं. मणिपुर में 2017 से भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में है. राज्य में दो लोकसभा क्षेत्र-आंतरिक मणिपुर और बाहरी मणिपुर हैं. भाजपा ने आंतरिक मणिपुर सीट पर पिछली बार के विजेता राजकुमार सिंह के बदले राज्य सरकार के मंत्री टी. बसंत कुमार सिंह को मैदान में उतारा है जबकि बाहरी मणिपुर सीट पर उसने अपने सहयोगी नगा पीपल्स फ्रंट (एनपीएफ) का समर्थन किया है.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 VIDEO भाजपा नेता को कारण बताओ नोटिस, अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद का एक्शन
  2. 2 Berlin Dialogue यूरोपीय देशों को आईना दिखाया केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने, बोले- दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी हमारी, मगर कार्बन उत्सर्जन में आप हमसे 15 प्रतिशत ज्यादा हैं’ WATCH VIDEO
  3. 3 Today’s news : 4 देशों में भूकंप, 4 राज्यों में विधान परिषद के चुनाव, 4 राज्यों में मूसलाधार बारिश, खेल में भारत को दो नए गोल्ड, जानिए प्रमुख खबरें
  4. 4 23 अक्टूबर 2026 का दैनिक राशिफल: शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की उपासना के लिए खास माना जाता है। जानिए करियर, धन, सेहत और रिश्तों के लिहाज से आपकी राशि के लिए आज का दिन कैसा रहेगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu