मप्र में राज्यपाल ने 28 मंत्रियों को दिलाई शपथ

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 25 Dec 2023 05:59 PM
मप्र में राज्यपाल ने 28 मंत्रियों को दिलाई शपथ
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने सोमवार को राजभवन में एक समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव के मंत्रिमंडल के 28 सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ लेने वालों में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व सांसद राकेश सिंह और उदय प्रताप सिंह शामिल हैं.

अधिकारी ने कहा कि 28 मंत्रियों में से 18 कैबिनेट रैंक के हैं, छह राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं और चार राज्य मंत्री हैं. विजय शाह, कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद पटेल, करण सिंह वर्मा, राकेश सिंह, उदय प्रताप सिंह , संपतिया उइके, तुलसीराम सिलावट, ऐदल सिंह कंसाना, गोविंद सिंह राजपूत, विश्वास सारंग, निर्मला भूरिया, नारायण सिंह कुशवाहा, नागर सिंह चौहान, प्रद्युम्न सिंह तोमर, राकेश शुक्ला, चैतन्य कश्यप और इंदर सिंह परमार ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली.

वहीं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कृष्णा गौर, धर्मेंद्र भाव लोधी, दिलीप जयसवाल, गौतम टेटवाल, लाखन पटेल और नारायण सिंह पवार हैं.
अधिकारी ने बताया कि राज्य मंत्री पद की शपथ लेने वाले विधायकों में नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रतिमा बागरी, दिलीप अहिरवार और राधा सिंह शामिल हैं.

यादव के मंत्रिमंडल में दो कैबिनेट रैंक संपतिया उइके और निर्मला भूरिया तीन राज्य मंत्री कृष्णा गौर, प्रतिमा बागरी और राधा सिंह समेत कुल पांच महिलाओं को शामिल किया गया है . मुख्यमंत्री (मोहन यादव) और दो उपमुख्यमंत्रियों (राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा) सहित मंत्रिमंडल की कुल संख्या अब 31 हो गई है. 230 विधायकों वाले मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद की अधिकतम संख्या 35 हो सकती है. पिछले महीने हुए राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 163 सीटें और कांग्रेस ने 66 सीटें जीतीं.
यादव ने 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि शुक्ला और देवड़ा ने उप मुख्यमंत्री की रूप में शपथ ली.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav