गुजरात के व्यवसायी ने राम मंदिर न्यास को हीरे जड़ित मुकुट और सोने के धनुष दान किये

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 06 Jun 2025 04:02 PM
गुजरात के व्यवसायी ने राम मंदिर न्यास को हीरे जड़ित मुकुट और सोने के धनुष दान किये
ऑडियो सुनें

अयोध्या: गुजरात के एक हीरा कारोबारी ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास को 11 मुकुट और एक सोने का धनुष और बाण सहित कई बहुमूल्य आभूषण और अस्त्र-शस्त्र दान किए हैं। यह दान सूरत के रहने वाले हीरा कारोबारी मुकेश पटेल ने दिया है। वह प्रसिद्ध आभूषण फर्म ग्रीन लैब के मालिक हैं।

विश्व ंिहदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश नेवाडिया ने पुष्टि की कि दान में हीरे, सोने, चांदी और माणिक से बनी वस्तुएं शामिल हैं। नेवाडिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मुकेश पटेल ने 1000 कैरेट हीरे, 30 किलोग्राम चांदी, 300 ग्राम सोना और 300 कैरेट माणिक से बने 11 मुकुट दान किए हैं।” उन्होंने कहा कि मुकुटों के अलावा पटेल ने हार, झुमके, टीके, श्री राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के लिए चार बड़े और तीन छोटे धनुष, चार तरकश, और तीन गदा दान किये हैं। इन वस्तुओं को एक विशेष चार्टर्ड विमान में अयोध्या ले जाया गया।

नेवाडिया ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण और अलंकरण की देखरेख करने वाले श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को देश भर से कई दान मिले हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को राम जन्मभूमि परिसर के अंदर आठ नवनिर्मित मंदिरों में मूर्तियों की स्थापना के साथ-साथ भगवान राम के ‘राम दरबार’ का अभिषेक किया गया था। यह अनुष्ठान मंदिर में दूसरा बड़ा अभिषेक समारोह था। इससे पहले 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में राम लला का भव्य अभिषेक किया गया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital