हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों ने स्थिरता की अभिव्यक्ति को और मजबूती दी: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Oct 2024 09:45 PM
हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों ने स्थिरता की अभिव्यक्ति को और मजबूती दी: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों ने स्थिरता की उस अभिव्यक्ति को और मजबूत किया है, जिसे केंद्र में उनके नेतृत्व वाली सरकार को लगातार तीसरी बार मौका देकर जनता ने व्यक्त किया था. प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों की घोषणा हो चुकी है और राजनीतिक दल अपने प्रचार अभियान को धार देने में जुटे हुए हैं.

एनडीटीवी विश्व शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उनकी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में अभूतपूर्व गति और पैमाने पर काम कर रही है और दुनिया में जारी संघर्षों व उथल-पुथल के बीच भारत उम्मीद की एक किरण बना है. भारत को एक उभरती शक्ति बताते हुए उन्होंने यह भी कहा कि भारत के पास एस्पिरेशनल इंडिया (एआई यानी आकांक्षी भारत) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई यानी कृत्रिम बुद्धमत्ता) के ‘दोहरे एआई’ का लाभ है और जब दोनों की ताकत मिलती है तब विकास की गति भी तेज होना स्वाभाविक है.

मोदी ने कहा कि भारत संकट के समय का साथी है और कोविड महामारी के दौरान भेजे गए जीवनरक्षक टीके इसका उदाहरण हैं.
उन्होंने कहा, ”आज जब चर्चा का केंद्र चिंता ही है, तब भारत में चर्चा का विषय है ‘भारत की शताब्दी.’ दुनिया में मची उथल-पुथल के बीच भारत उम्मीद की एक किरण बना है. जब दुनिया चिंता में डूबी है, तब भारत आशा का संचार कर रहा है.”

मोदी ने कहा कि हालांकि चुनौतियां भारत के सामने भी हैं लेकिन इसमें सकारात्मकता की एक भावना है और जिसे सभी भारतवासी महसूस भी करते हैं. उन्होंने कहा, ”भारत इतिहास में वैश्विक विकास की ताकत रहा है, लेकिन भारत ने गुलामी भी देखी और औद्योगिक क्रांतियों का लाभ नहीं उठा पाया. अब, यह उद्योग 4.0 का समय है और हम तैयार हैं क्योंकि अब हम गुलाम नहीं हैं. देश उद्योग 4.0 के लिए आवश्यक कौशल विकास कर रहा है और बुनियादी ढांचे के निर्माण पर काम कर रहा है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत एक विकासशील देश होने के साथ-साथ एक उभरती हुई शक्ति भी है.

उन्होंने कहा, ”हम गरीबी की चुनौतियां भी समझते हैं और प्रगति का रास्ता बनाना भी जानते हैं. हमारी सरकार तेजी से नीतियां बना रही है, निर्णय ले रही है, नए सुधार कर रही है.” उन्होंने कहा, ”आज भारत हर सेक्टर में, हर क्षेत्र में जिस तेजी से काम कर रहा है, वह अभूतपूर्व है. भारत की गति, भारत का पैमाना अप्रत्याशित है.” उन्होंने कहा कि विकसित भारत की अवधारणा जन चेतना का हिस्सा बन गई है और जन शक्ति राष्ट्र शक्ति को शक्ति प्रदान कर रही है.

प्रधानमंत्री ने अपने तीसरे कार्यकाल के शुरुआती 125 दिनों में किए गए विभिन्न कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब भारत दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रहा है और यह 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प में भी दिखता है. उन्होंने कहा, ”भारत की सोच और दृष्टिकोण में आए बदलाव पर आप भी ध्यान देते होंगे. अब हम बीते समय की तुलना नहीं करना चाहते और अपनी उपलब्धियों पर निर्भर नहीं होना चाहते. हम एक नए दृष्टिकोण के साथ अपने लक्ष्य के बारे में चिंतित हैं.”

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के तीसरे कार्यकाल में काम की गति को देखते हुए कई रेटिंग एजेंसियों ने भारत की वृद्धि दर के अनुमान को संशोधित किया है. मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और इस युवा देश की क्षमता हमें आसमान की ऊंचाइयों पर ले जा सकती है. उन्होंने कहा कि दुनिया का वर्तमान और भविष्य एआई से जुड़ा है और भारत के पास एआई के लाभ की दोगुनी शक्ति है.

प्रधानमंत्री ने कहा, ”दुनिया के लिए एआई का मतलब कृत्रिम बुद्धिमत्ता है, हमारे पास वह है. इसके साथ ही हमारे पास आकांक्षी भारत भी है. जब आकांक्षी भारत और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की ताकत मिलती है तो तेज गति से विकास होना स्वाभाविक है.” उन्होंने कहा कि भारत हर क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग बढ़ा रहा है. 21वीं सदी के इस समय को मानव इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण समय करार देते हुए मोदी ने कहा कि ऐसे में स्थिरता, टिकाऊपन और समाधान आज के युग की बड़ी जरूरतें हैं. उन्होंने इन्हें मानवता के बेहतर भविष्य के लिए सबसे जरूरी शर्तें बताते हुए कहा कि भारत आज यही प्रयास कर रहा है.

मोदी ने कहा, ”छह दशक में पहली बार देश के लोगों ने लगातार तीसरी बार किसी सरकार को अपना जनादेश दिया है. यह स्थिरता का संदेश है. अभी हरियाणा में हुए चुनाव में भी भारत की जनता ने स्थिरता के इस भाव को मजबूती दी है.” भाजपा ने हाल ही में हरियाणा विधानसभा चुनावों में 90 में से 48 सीटों पर जीत हासिल की और चुनाव पूर्व सभी अनुमानों को धता बताते हुए उसने लगातार तीसरी बार जनादेश हासिल किया.

हरियाणा के बाद अब राजनीतिक दलों का ध्यान अगले महीने होने वाले महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों पर केंद्रित हो गया है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र में अपने सहयोगियों के साथ सत्ता बरकरार रखने के लिए प्रयासरत है तो वहीं झारखंड में उसकी कोशिश ‘इंडिया’ गठबंधन को सत्ता से बाहर करने की है. मोदी ने कहा कि भारत ने दूरसंचार और डिजिटल भविष्य, वैश्विक सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र, वैश्विक फिनटेक उत्सव से संबंधित कार्यक्रमों में भी भाग लिया और नागरिक उड्डयन और नवीकरणीय ऊर्जा के भविष्य पर चर्चा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों का आयोजन किया.

उन्होंने कहा, ”ये आयोजन उस विश्वास को प्रर्दिशत करते हैं जो दुनिया का भारत में है.” मोदी ने विभिन्न अध्ययनों और सर्वेक्षणों का हवाला देते हुए कहा कि चाहे अनुसंधान की गुणवत्ता हो या पेटेंट और ट्रेडमार्क पंजीकरण की संख्या, भारत में बड़ी वृद्धि हुई है. उन्होंने कहा कि जितना अधिक भारत आगे बढ़ेगा, दुनिया को उतना ही अधिक लाभ होगा और देश के प्रयासों का उद्देश्य वैश्विक स्थिरता और शांति सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा, ”हमारे रिश्तों की बुनियाद- विश्वास और विश्वसनीयता के आधार पर है. और ये बात दुनिया भी समझ रही है. भारत एक ऐसा देश है, जिसकी प्रगति से दुनिया में आनंद का भाव आता है. भारत सफल होता है, विश्व को अच्छा लगता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu