पूर्वोत्तर के लिए ‘ऐतिहासिक दिन’, मोदी के नेतृत्व में भाजपा लोगों की पसंद : शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Mar 2023 08:57 PM
पूर्वोत्तर के लिए ‘ऐतिहासिक दिन’, मोदी के नेतृत्व में भाजपा लोगों की पसंद : शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय में विधानसभा चुनावों के परिणामों की घोषणा के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह पूर्वोत्तर के लिए एक ‘ऐतिहासिक दिन’ है और यह एक बार फिर से स्पष्ट हो गया है कि शांति, विकास और समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोगों की पसंद है.

शाह ने त्रिपुरा में पार्टी की सफलता को ‘‘विकास समर्थक राजनीति की जीत’’ करार दिया और नगालैंड के लोगों को ‘‘शांति और प्रगति’’ का चयन करने के लिए धन्यवाद किया. भाजपा ने अपनी सहयोगी नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) के साथ नगालैंड में बहुमत हासिल किया है. उन्होंने भाजपा को समर्थन और आशीर्वाद के लिए मेघालय के लोगों को भी धन्यवाद दिया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पार्टी लोगों की सेवा करने और उनका भविष्य उज्ज्वल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी.

सिलसिलेवार ट्वीट में शाह ने कहा, ‘‘पूर्वोत्तर के लिए यह ऐतिहासिक दिन है. मैं एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताने के लिए त्रिपुरा को धन्यवाद देता हूं. यह विकास समर्थक राजनीति की जीत है, जिसे भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में त्रिपुरा में पहुंचाया है. हम सब मिलकर आगे बढ़ेंगे और एक समृद्ध त्रिपुरा का निर्माण करेंगे.’’

गृहमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और प्रदेश भाजपा नेतृत्व को पार्टी की जीत के लिए अथक प्रयासों को लेकर बधाई दी. भाजपा ने 60-सदस्यीय विधानसभा में 32 सीट पर जीत दर्ज की. उन्होंने कहा, ‘‘यह फिर से स्पष्ट है कि विकास और समृद्धि के लिए, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा लोगों की पसंद है.’’ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को फिर से सत्ता में चुनकर शांति और प्रगति के चयन के लिए नगालैंड के लोगों को ‘‘दिल की गहराई’’ से धन्यवाद देते हुए शाह ने कहा कि मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो शांति और विकास को आगे बढ़ाएंगे तथा लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे. उन्होंने मेघालय में भाजपा का जनाधार बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत को लेकर पार्टी की प्रदेश इकाई की सराहना की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu