उम्मीद है एक फिल्म कमाएगी दो से तीन हजार करोड़ रुपये : अक्षय कुमार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 06 Oct 2023 09:49 PM
उम्मीद है एक फिल्म कमाएगी दो से तीन हजार करोड़ रुपये : अक्षय कुमार
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि हाल ही में रिलीज हुई ‘पठान’, ‘गदर2’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों की सफलता फिल्म जगत के लिए अच्छी खबर है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में एक ब्लॉकबस्टर फिल्म दो से तीन हजार करोड़ रुपये की कमाई का रिकॉर्ड बनाएगी.

कोविड-19 वैश्विक महामारी ने हिंदी फिल्म जगत को बुरी तरह से प्रभावित किया था क्योंकि थिएटर्स बंद थे. यहां तक की इस साल की शुरुआत में भी बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की कमाई प्रभावित हुई थी. लेकिन अभिनेता शाहरुख खान की ‘पठान’ और ‘जवान’ के साथ-साथ सनी देयोल की ‘गदर2’ ने बड़े पर्दे पर फैली मायूसी को दूर करने में अहम भूमिका निभाई.

अक्षय ने यहां पीटीआई-भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा, ”मुझे उम्मीद है कि हिंदी फिल्म जगत और ज्यादा हिट फिल्में देगा. मुझे बेहद खुशी हुई जब शाहरुख खान की ‘जवान’ ने इतनी अच्छी कमाई की. ‘गदर 2’, ‘ओएमजी 2’ जैसी अन्य फिल्मों ने भी अच्छा किया. इसलिए यह फिल्म जगत के लिए बहुत अच्छा है.”

उन्होंने कहा, ”एक हजार करोड़ की उपलब्धि एक अच्छी चीज है. मुझे उम्मीद है कि हम दो से तीन हजार करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्में बनाएंगे. उसके बाद हम हॉलीवुड जैसी फिल्में भी बना सकते हैं. हमारे पास जिस तरह का सिनेमा, पटकथा और कहानियां हैं उनके पास नहीं है.” अभिनेता-निर्माता का मानना है कि कर्मिशयल फिल्मों की सफलता उनकी हालिया रिलीज कॉन्टेंट आधारित ‘मिशन रानीगंज’ जैसी फिल्मों के निर्माण को जारी रखने के लिए बहुत जरूरी है.

निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म जसवंत सिंह गिल के असाधारण बहादुरी से प्रेरित है. गिल ने भारत के कोयला खदान बचाव अभियान का नेतृत्व किया था. अक्षय के मुताबिक, ”कर्मिशयल फिल्मों की सफलता बहुत जरूरी है क्योंकि तभी आप अन्य फिल्में बना सकते हैं लेकिन यह इस बात पर निर्भर करता है कि किस तरह की कर्मिशयल फिल्मों को सफलता मिलती है.” अक्षय ने कहा, ”मिशन रानीगंज’ एक सीमित बजट में बनी है और मैं ‘मिशन रानीगंज’ को एक कर्मिशयल फिल्म कहना चाहता हूं. यह ‘जवान’ या फिर ‘राउडी राठौड़’ जैसी नहीं है. यह उस तरह की फिल्म नहीं है. इसके अपने खास दर्शक हैं लेकिन मुझे उम्मीद है कि यह अच्छी कमाई करेगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu