हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवाएं आज रद्द, मरम्मत का काम जारी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 22 May 2023 12:35 PM
हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवाएं आज रद्द, मरम्मत का काम जारी
ऑडियो सुनें

कोलकाता/भुवनेश्वर: हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवाएं सोमवार को रद्द कर दी गईं। एक दिन पहले तूफान के दौरान चलती ट्रेन पर पेड़ की शाखाएं गिरने से उसे नुकसान पहुंचा था, जिसकी तत्काल मरम्मत की जरूरत है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ओडिशा के जाजपुर जिले में बैतरणी रोड रेलवे स्टेशन के पास रविवार शाम आंधी के दौरान ‘आईसीएफ’ का नया रेक क्षतिग्रस्त हो गया, ‘पैंटोग्राफ’ को नुकसान पहुंचा और ‘ंिवडशील्ड’ में दरार आ गई।

दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘ 22895/22896 हावड़ा-पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवाएं 21 मई को ईस्ट कोस्ट रेलवे के कटक-भद्रक खंड में आंधी-तूफान से हुए नुकसान की मरम्मत के लिए रद्द रहेंगी।’’ एक अधिकारी ने बताया कि घटना बैतरणी रोड और मंजुरी रोड स्टेशन के बीच शाम करीब पौने पांच बजे हुई थी। इसमें किसी यात्री या ट्रेन के कर्मचारी को कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18 मई को ओडिशा की पहली ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था और इसकी वाणिज्यिक सेवा 20 मई से शुरू हुई। यह ट्रेन पुरी को पश्चिम बंगाल के हावड़ा से जोड़ती है। सप्ताह में छह दिन चलने वाली ट्रेन हावड़ा से सुबह छह बजकर 10 मिनट पर खुलेगी और दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर पुरी पहुंचेगी। वापसी में यह पुरी से दोपहर एक बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और रात साढ़े आठ बजे हावड़ा पहुंचेगी। सोलह कोच वाली यह ट्रेन खड़गपुर, बालासोर, भद्रक, जाजपुर क्योंझर रोड, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड स्टेशनों पर रुकेगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav