चाहती हूं युवाओं को वैसा ही अनुभव मिले जो मुझे डब्ल्यूबीबीएल और ‘द हंड्रेड’ से मिला : हरमनप्रीत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Mar 2023 07:08 PM
चाहती हूं युवाओं को वैसा ही अनुभव मिले जो मुझे डब्ल्यूबीबीएल और ‘द हंड्रेड’ से मिला : हरमनप्रीत
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) और ‘द हंड्रेड’ में खेलने के अनुभव से उन्हें अपने खेल में काफी मदद मिली है और उन्हें भरोसा है कि घरेलू र्सिकट की प्रतिभाओं के लिये महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) इतनी ही फायदेमंद साबित होगी.

पांच टीमों की महिला प्रीमियर लीग शनिवार को नवी मुंबई में डीवाई पाटिल स्टेडियम में गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबले से शुरू होगी. भारत की सीमित ओवर की कप्तान हरमनप्रीत ने कहा कि वह डब्ल्यूपीएल में खेलने के लिये मैदान पर उतरने के लिये बेताब हैं जिसमें भारतीय महिला क्रिकेट का चेहरा बदलने की क्षमता है. उन्हें लगता है कि दुनिया में महिला क्रिकेट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर खेलना घरेलू युवा खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में काफी बेहतर साबित होगा.

उन्होंने ‘वर्चुअल’ प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह (डब्ल्यूपीएल) सभी भारतीय खिलाड़ियों के लिये शानदार मंच है. हमें लंबे समय से इस टूर्नामेंट की कमी महसूस कर रहे थे. आस्ट्रेलिया में इसी तरह का डब्ल्यूबीबीएल (महिला बिग बैश लीग) और इंग्लैंड में ‘द हंड्रेड’ है जहां से इतनी सारी छुपी हुई प्रतिभायें निकली हैं. डब्ल्यूपीएल के बाद हमें निश्चित रूप से कुछ बेहतरीन प्रतिभायें मिलेंगी. ’’

उन्होंने कहा, ‘‘डब्ल्यूपीएल विदेशी खिलाड़ियों को जानने का शानदार मंच है, उनके अनुभव से कुछ सीख सकते हैं. डब्ल्यूबीबीएल और ‘द हड्रेंड’ में खेलने से मुझे जितना अनुभव और आत्मविश्वास मिला है, मैं चाहती हूं कि युवा भारतीय घरेलू खिलाड़ियों को भी ऐसा ही अनुभव मिले. ’’ हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘यह उनके लिये विदेशी खिलाड़ियों के साथ समय बिताने का शानदार मौका है. डब्ल्यूपीएल व्यक्तिगत रूप से मेरे लिये भी कुछ युवा प्रतिभाओं को करीब से देखने का मौका प्रदान करेगा. ’’ मुंबई इंडियंस की महिला टीम की मुख्य कोच चार्लोट एडवर्ड्स ने भी इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डब्ल्यूपीएल भारतीय क्रिकट पर काफी बड़ा प्रभाव डालेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu