
भुवनेश्वर. ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह जीवन के अंत तक राज्य और यहां के लोगों की सेवा करते रहेंगे. पटनायक ने अपने 79वें जन्मदिन पर पार्टी की वार्षिक ‘जन संपर्क पदयात्रा’ में शामिल होते हुए यह बात कही.
लगभग छह महीने तक मुंबई और भुवनेश्वर के अस्पतालों में इलाज के बाद पटनायक की यह पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी. ठीक होने के बाद उन्होंने लगभग एक महीने तक दिल्ली में आराम किया और पिछले सप्ताह राज्य लौट आए. ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे पटनायक ने एकाम्र-भुवनेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गंगा नगर पल्ली में मार्च का नेतृत्व किया और बीजद की जन संपर्क पदयात्रा के तहत कुछ कदम चले.
पटनायक ने उपस्थित जनसमूह से कहा, “मैं हमेशा आपके (ओडिशा के लोगों) साथ हूं, और रहूंगा. मैं जीवन के अंत तक मां ओडिशा की सेवा करता रहूंगा.” ‘जय जगन्नाथ’ के नारे के साथ अपने संक्षिप्त भाषण की शुरुआत करते हुए पटनायक ने बीजद की वार्षिक यात्रा में शामिल होने के लिए कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित सभी लोगों को धन्यवाद दिया और कहा कि “बीजद आपकी पार्टी है और ओडिशा के लोगों की पार्टी है.” ‘उत्कलमणि’ गोपबंधु दास की जयंती के अवसर पर नौ अक्टूबर को शुरू हुई जन संपर्क पदयात्रा नौ नवंबर तक जारी रहेगी. एक महीने तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान बीजद भाजपा सरकार की कथित विफलता को उजागर करेगी.
यात्रा में शामिल होने के बाद पटनायक ने खंडगिरी क्षेत्र में ‘एसओएस’ गांव का दौरा किया और वहां के निवासियों के साथ समय बिताया तथा बच्चों को मिठाइयां बांटीं. ‘एसओएस’ गांव ऐसे विशेष समुदाय के हैं जो माता-पिता विहीन बच्चों को पारिवारिक देखभाल प्रदान करते हैं, जहां प्रत्येक बच्चे को एक एसओएस मां के साथ भाई-बहनों जैसा स्थायी घर मिलता है. उन्होंने अपने 79वें जन्मदिन के अवसर पर एसओएस गांव में केक भी काटा. भुवनेश्वर स्थित ‘एसओएस चिल्ड्रन विलेज’ एक गैर-सरकारी संगठन द्वारा संचालित किया जाता है.



