आईसीसी टी20: सूर्यकुमार सातवें स्थान पर, अभिषेक शीर्ष पर कायम; ईशान, दुबे और रिंकू ने लगाई लंबी छलांग

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 28 Jan 2026 05:49 PM
आईसीसी टी20: सूर्यकुमार सातवें स्थान पर, अभिषेक शीर्ष पर कायम; ईशान, दुबे और रिंकू ने लगाई लंबी छलांग
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के दम पर आईसीसी की टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में पांच स्थान की छलांग लगाकर सातवां स्थान हासिल किया, जबकि अभिषेक शर्मा शीर्ष पर बने हुए हैं।ईशान किशन, शिवम दुबे और रिंकू सिंह सहित कई भारतीय खिलाड़ियों ने टी20 रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई। वहीं, हार्दिक पांड्या ऑलराउंडरों में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

अभिषेक शीर्ष पर बरकरार

टी20 विश्व कप से पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं, जबकि तिलक वर्मा तीसरे स्थान पर हैं। हालांकि, चोट के कारण तिलक वर्मा इस श्रृंखला में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं। रायपुर में खेले गए दूसरे मैच में 32 गेंदों पर 76 रन की शानदार पारी खेलने वाले ईशान किशन ने रैंकिंग में दोबारा प्रवेश करते हुए 64वां स्थान हासिल किया है। इसके अलावा, शिवम दुबे नौ पायदान ऊपर चढ़कर 58वें और रिंकू सिंह 13 स्थान की छलांग लगाकर 68वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

दुबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीतने के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान दो पायदान ऊपर चढ़कर 13वें, जबकि रहमानुल्लाह गुरबाज तीन पायदान ऊपर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ रहे दरवेश रसूली ने 29 स्थान की बड़ी छलांग लगाकर 87वां स्थान हासिल किया। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्क्रम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में खेली गई 47 गेंदों पर नाबाद 86 रन की पारी के दम पर बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष 20 में जगह बनाई है। वहीं, वेस्टइंडीज के ब्रैंडन किंग 15 पायदान ऊपर चढ़कर 35वें और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स 18 स्थान की छलांग लगाकर 44वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

गेंदबाजों की रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों को फायदा

गेंदबाजों की टी20 रैंकिंग में अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीब उर रहमान पांच पायदान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के जसप्रीत बुमराह चार पायदान ऊपर 13वें, जबकि रवि बिश्नोई 13 स्थान की छलांग लगाकर 19वें स्थान पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश आठ पायदान ऊपर चढ़कर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 32वीं रैंकिंग पर पहुंचे हैं।

ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में पांड्या तीसरे स्थान पर

भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने तीन मैचों में चार विकेट लेकर गेंदबाजों की रैंकिंग में 18 पायदान की छलांग लगाई और 59वें स्थान पर पहुंच गए। बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी वह दो स्थान ऊपर चढ़कर 53वें स्थान पर काबिज हो गए हैं। ऑलराउंडरों की सूची में पांड्या एक पायदान ऊपर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वनडे रैंकिंग की बात करें तो इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक 17 पायदान ऊपर चढ़कर 11वें, जबकि जो रूट 23वें से 17वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

आईसीसी टी20 रैंकिंग – बल्लेबाज

टीम बल्लेबाज रेटिंग
भारत अभिषेक शर्मा 929
इंग्लैंड फिल सॉल्ट 849
भारत तिलक वर्मा 781
इंग्लैंड जोस बटलर 770
पाकिस्तान साहिबजादा फरहान 763
श्रीलंका पथुम निसांका 758
भारत सूर्यकुमार यादव 717
ऑस्ट्रेलिया ट्रैविस हेड 713
ऑस्ट्रेलिया मिचेल मार्श 684
न्यूजीलैंड टिम सीफर्ट 669
आईसीसी टी20 रैंकिंग- गेंदबाज

टीम गेंदबाज रेटिंग
भारत वरुण चक्रवर्ती 787
अफगानिस्तान राशिद खान 737
श्रीलंका वानिंदु हसरंगा 702
न्यूजीलैंड जैकब डफी 691
पाकिस्तान अबरार अहमद 691
इंग्लैंड आदिल राशिद 686
बांग्लादेश मुस्तफिजुर रहमान 665
ऑस्ट्रेलिया नाथन एलिस 660
अफगानिस्तान मुजीब उर रहमान 656
ऑस्ट्रेलिया एडम जम्पा 655
आईसीसी टी20 रैंकिंग – ऑलराउंडर

टीम खिलाड़ी रेटिंग

जिम्बाब्वे सिकंदर रजा 289
पाकिस्तान सैम अयूब 277
भारत हार्दिक पांड्या 248
वेस्टइंडीज रोस्टन चेज 243
पाकिस्तान मोहम्मद नवाज 218
नेपाल दीपेंद्र सिंह ऐरी 202
अफगानिस्तान अजमतुल्लाह उमरजई 202
वेस्टइंडीज रोमारियो शेफर्ड 198
अफगानिस्तान मोहम्मद नबी 197
श्रीलंका वानिंदु हसरंगा 186

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital