
पटना. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सोमवार को कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन भारी बहुमत से चौंकाने वाला परिणाम देने जा रहा है और सारे के सारे मनोवैज्ञानिक प्रोपगैंडा धरे के धरे रह जाएंगे. राजद प्रमुख ने सोमवार को यहां एक बयान में कहा, ”विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन भारी बहुमत से चौंकाने वाला परिणाम देने जा रहा है.”
उन्होंने कहा, ”लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव में आपने जिस तरह से बढ.-चढ.कर हिस्सा लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में मतदान किया है, इसके लिए मैं आप सभी का हृदय से आभारी हूं.” मतगणना के एक दिन पहले, राजद प्रमुख ने ‘इंडिया’ गठबंधन और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा, ”जो मुहिम हमने शुरू की थी, उसको अभी मंजिल पर पहुँचाना बाकी है, जनता ने अपना मत गठबंधन के विजय के तौर पर दे दिया है लेकिन इस जनमत को सुरक्षित परिणाम तक पहुंचाना हमारा दायित्व है .”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, ”इसलिए बिना रुके, बिना थके मतगणना स्थल पर जोश, उमंग और उत्साह के साथ सक्रिय रहें और सुनिश्चित करें कि बिहार की जनता का दिया एक-एक मत सुरक्षित रहे जिससे हमारा लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण भी सुरक्षित रह पाए.”
इससे पहले राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य मनोज कुमार झा ने गठबंधन सहयोगियों के साथ आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान एग्जिट पोल को मनोवैज्ञानिक चाल बताते हुए दावा किया कि बिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन 40 लोकसभा सीटों वाले राज्य में ”25” पार करेगा. उन्होंने कहा, ”एग्जिट पोल एक मनोवैज्ञानिक चाल है. हमें बताया गया है कि शेयर बाजारों के अलावा, प्रधानमंत्री कार्यालय भी ”दिलचस्पी” लेता है.”



