IND vs AUS: पहले मैच में रोहित-कोहली के विफल रहने से चिंतित नहीं सितांशु कोटक, मजबूत वापसी का जताया भरोसा

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Wed, 22 Oct 2025 11:49 AM
IND vs AUS: पहले मैच में रोहित-कोहली के विफल रहने से चिंतित नहीं सितांशु कोटक, मजबूत वापसी का जताया भरोसा
ऑडियो सुनें

IND vs AUS: भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक रोहित शर्मा और विराट कोहली के पहले वनडे मैच में विफल रहने से चिंतित नहीं हैं। कोटक का कहना है कि भले ही ये दोनों दिग्गज बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआती मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि दोनों लय में नहीं हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा वनडे गुरुवार को एडिलेड में खेला जाना है। भारतीय समयानुसार ये मुकाबला सुबह नौ बजे से खेला जाएगा। इससे पहले सितांशु ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि रोहित और कोहली ने सीरीज के लिए काफी तैयारियां की हैं और सिर्फ एक खराब दिन से किसी नतीजे पर पहुंचना सही नहीं है।

वापसी पर फ्लॉप रहे थे रोहित-कोहली
रोहित और कोहली ने 223 दिन बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी। ये दोनों ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच से पहले चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेले थे। पर्थ में खेले गए पहले मैच में रोहित आठ रन और कोहली खाता खोले बिना आउट हुए थे। निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद कोटक का मानना है कि भारत के संघर्ष का मुख्य कारण मौसम रहा क्योंकि रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण बल्लेबाज क्रीज पर अपनी लय और गति को लेकर अनिश्चित हो गए थे।

यह पूछे जाने पर कि क्या रोहित और कोहली की फॉर्म खराब दिख रही है? इस पर कोटक ने कहा, मुझे ऐसा नहीं लगता। उन्होंने आईपीएल खेला है। तैयारी बहुत अच्छी रही है। मुझे लगता है कि मौसम की वजह से खराब प्रदर्शन रहा। अगर ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजी के लिए आता तो भी स्थिति ऐसी ही होती। जब चार-पांच बार रुकावट आती है और हर दो ओवर में आप अंदर जाकर वापस बाहर आते हैं तो यह आसान नहीं होता।

जब कोटक से पूछा गया कि क्या रोहित और कोहली को बल्लेबाजी कोच के मार्गदर्शन की जरूरत है? तो कोटक ने कहा कि उनका मानना है कि जब तक बहुत जरूरी न हो, कम से कम हस्तक्षेप किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिन सीनियर खिलाड़ियों ने एक दशक से भी ज्यादा समय तक उच्चतम स्तर पर खेल खेला है, उनके लिए धैर्य रखना और उनकी प्रक्रिया में जल्दबाजी में दखल न देना जरूरी है।

कोटक बोले- कोई भी राय बनाना जल्दबाजी होगी
कोटक ने कहा, रोहित और कोहली दोनों ही काफी अनुभवी हैं। ऑस्ट्रेलिया आने से पहले उन्होंने पूरी तैयारी की थी। मुझे लगता है कि अभी उनके बारे में राय बनाना जल्दबाजी होगी। उन्होंने अभी-अभी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया है। सीरीज से पहले हमें उनके फिटनेस स्तर और उनकी तैयारियों के बारे में पता था। हमें एनसीए से उनके वीडियो मिल गए थे। ऐसे सीनियर खिलाड़ियों के साथ अगर आपको लगता है कि वे सही काम कर रहे हैं, तो आपको तुरंत हस्तक्षेप करने की जरूरत नहीं है। अगर आप बहुत ज्यादा दखलअंदाजी करने की कोशिश करेंगे तो यह शायद सबसे अच्छा तरीका नहीं होगा। विराट और रोहित दोनों अच्छी लय में दिख रहे थे। उन्होंने नेट्स पर अच्छी बल्लेबाजी की। सच कहूं तो मुझे लगता है कि वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news