भूटान का विश्वनीय भागीदार है भारत: प्रधानमंत्री टोबगे

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 15 Mar 2024 12:11 PM
भूटान का विश्वनीय भागीदार है भारत: प्रधानमंत्री टोबगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मुलाकात के दौरान भूटान के प्रधानमंत्री शेंिरग टोबगे ने उनके देश की विकास संबंधी प्राथमिकताओं में एक विश्वसनीय और मूल्यवान भागीदार के रूप में भारत की भूमिका की सराहना की।

भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर आए टोबगे ने बृहस्पतिवार शाम को प्रधानमंत्री मोदी के साथ व्यापक बातचीत के दौरान भारत की भूमिका को सराहा। मोदी अगले सप्ताह भूटान की यात्रा करेंगे। एक आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं ने अपनी बातचीत के दौरान बुनियादी ढांचे के विकास, संपर्क सुविधा, ऊर्जा, जलविद्युत संबंधी सहयोग, लोगों के बीच आपसी संबंध और विकास संबंधी सहयोग समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा की।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘उन्होंने (मोदी और टोबगे ने) भारत तथा भूटान की विशेष एवं अद्वितीय मित्रता को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।’’ इसमें कहा गया, ‘‘भूटान के प्रधानमंत्री ने भूटान की विकास संबंधी प्राथमिकताओं में एक विश्वसनीय, भरोसेमंद और मूल्यवान भागीदार के रूप में भारत की भूमिका की अत्यधिक सराहना की।’’

विदेश मंत्रालय ने कहा कि टोबगे ने भूटान नरेश की ओर से मोदी को अगले सप्ताह भूटान आने का निमंत्रण दिया।
इसमें कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav