भारत ने मिसाइल और ड्रोन से तीन एयरबेस को निशाना बनाया: पाकिस्तान का दावा

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 10 May 2025 04:20 PM
भारत ने मिसाइल और ड्रोन से तीन एयरबेस को निशाना बनाया: पाकिस्तान का दावा
ऑडियो सुनें

लाहौर: पाकिस्तान ने शनिवार सुबह दावा किया कि भारत ने मिसाइल और ड्रोन के जरिए उसके तीन एयरबेस को निशाना बनाया। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने तड़के करीब चार बजे इस्लामाबाद में आनन-फानन में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पाकिस्तानी वायुसेना के नूर खान (चकलाला, रावलंिपडी), मुरीद (चकवाल) और रफीकी (झंग जिले में शोरकोट) एयरबेस को निशाना बनाया गया।

उन्होंने दावा किया, ‘‘लेकिन वायु सेना की सभी संपत्तियां सुरक्षित हैं।’’ चौधरी ने दावा किया कि भारत ने अपने जेट विमानों से हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइलें दागी। कुछ ही मिनटों बाद सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से सरकारी पीटीवी ने कहा कि पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई के तौर पर ‘बुनयान अल-मरसूस’ अभियान शुरू किया है, जिसका अर्थ है ‘लौह दीवार’। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना ने हमले में मध्यम दूरी की फतेह-1 मिसाइलों का इस्तेमाल किया।

उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशहाक डार ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान रक्षात्मक रुख अपना रहा है। उन्होंने ‘जियो न्यूज’ से कहा, ‘‘हमने आज जो अभियान शुरू किया है, वह किसी न किसी तरह समाप्त होगा। लेकिन यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि भारत क्या चाहता है।’’ लेफ्टिनेंट जनरल चौधरी ने दावा किया कि पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली द्वारा कई मिसाइलों को निष्प्रभावी किया गया।

बाद में सरकारी अधिकारियों ने दावा किया कि लाहौर से लगभग 400 किलोमीटर दूर रहमान यार खाम स्थित शेख जायद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी निशाना बनाया गया। एक कथित वीडियो में एक प्रतिष्ठान को कुछ क्षति दिखाई गई है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक ड्रोन ने ननकाना साहिब को निशाना बनाने का प्रयास किया, हालांकि भारत ने इस दावे को खारिज कर दिया। भारत ने कहा है कि उसने किसी भी नागरिक बुनियादी ढांचे या सुविधाओं को निशाना नहीं बनाया।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्रीय कमान प्राधिकरण की बैठक बुलाई है, जो कमान, नियंत्रण और परिचालन निर्णयों के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए जिम्मेदार निकाय है। इस बैठक में असैन्य और सैन्य विभाग के शीर्ष लोग भाग लेंगे।

पाकिस्तान हवाईअड्डा प्राधिकरण (पीएए) ने पहले एक अधिसूचना जारी कर कहा था कि पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र सभी प्रकार के हवाई यातायात के लिए सुबह 3.15 बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद कर दिया गया है। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा मंगलवार देर रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए सटीक हमलों के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है।

इस हमले के तार सीमा पार से जुड़े थे। पाकिस्तान ने शुकवार को लगातार दूसरी रात जम्मू कश्मीर से लेकर गुजरात तक 26 स्थानों पर ड्रोन हमले किए। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि हवाई अड्डों और एयरबेस सहित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर दुश्मन के हमलों को विफल कर दिया गया है।

रक्षा सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को भारतीय वायु रक्षा इकाइयों ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जम्मू हवाई अड्डे सहित जम्मू के सीमावर्ती क्षेत्रों को निशाना बनाकर पाकिस्तान द्वारा दागी गई कम से कम आठ मिसाइलों को नष्ट कर दिया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital