सेमीफाइनल में क्वालीफाई करने के लिये आयरलैंड पर बड़ी जीत दर्ज करने की कोशिश करेगा भारत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Feb 2023 04:13 PM
ऑडियो सुनें

गेकबेर्हा. इंग्लैंड से पिछले मैच में मिली हार से भारतीय टीम निराश होगी और महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में क्वालीफाई करने की दौड़ में बने रहने के लिए उसकी कोशिश वापसी करके सोमवार को यहां कमजोर आयरलैंड के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने की होगी.

शनिवार को भारतीय टीम को इंग्लैंड से 11 रन से हार मिली जो उसकी टूर्नामेंट में पहली हार थी. भारत तीन मैचों में चार अंक से इंग्लैंड (तीन मैचों में छह अंक) के बाद दूसरे स्थान पर है. इंग्लैंड ने सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई कर लिया है. हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम को अब सोमवार को अपने अंतिम ग्रुप मैच में आयरलैंड के खिलाफ सिर्फ एक जीत की नहीं बल्कि बड़ी जीत की जरूरत होगी ताकि वह ग्रुप दो से सेमीफाइनल के बचा दूसरा स्थान हासिल कर सके. भारतीय टीम का मौजूदा रन रेट + 0.205 का है, जिसमें उन्हें सुधार करना होगा.

पाकिस्तान को शुरूआती मैच में भारत से हार मिली थी, उनके दो मैचों में दो अंक हैं और अगर वे अपने अंतिम दो मैचों में जीत हासिल कर सकते हैं तो उनके पास भी अंतिम चार में जगह बनाने का मौका हो सकता है. लेकिन उनके भी छह अंक होने चाहिए. पाकिस्तान रविवार की रात को वेस्टइंडीज से भिड़ेगा, उसका भारत से बेहतर रन रेट (+1.542) है, हालांकि उन्हें अभी इंग्लैंड से भिड़ना है जिसका रन रेट +1.776 का है. वहीं आयरलैंड सभी तीन मैच हारकर पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका है.

आयरलैंड के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने के लिये भारतीय बल्लेबाजों को आक्रामक खेल दिखाना होगा विशेषकर कप्तान हरमनप्रीत कौर और सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को, क्योंकि दोनों ही अभी तक कोई महत्वपूर्ण पारी नहीं खेल सकी हैं. हरमनप्रीत ने तीन मैचों में अभी तक 16, 33 और 4 रन बनाये हैं जो उनके स्तर से काफी कम है जबकि शेफाली ने 33, 28 और 8 रन की पारियां खेली हैं. युवा ऋचा घोष भारत के लिये सबसे निरंतर बल्लेबाज रही हैं जिन्होंने 31, 44 और नाबाद 47 रन बनाये हैं. वह आयरलैंड के खिलाफ इसी लय को जारी रखना चाहेंगी.

चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 53 रन की मैच विजयी पारी खेलने वाली जेमिमा रोड्रिग्स ने अगले दो मैचों में एक और 13 रन बनाये और वह अन्य टीमों की तुलना में आयरलैंड के कमजोर आकमक के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगी. उप कप्तान स्मृति मंधाना ने इंग्लैंड के खिलाफ 52 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, ये भी भारत के लिये अच्छा है.

गेंदबाजी विभाग की बात करें तो इंग्लैंड के खिलाफ करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (15 रन देकर पांच विकेट) करने वाली मध्यम गति की गेंदबाज रेणुका सिंह आयरलैंड के खिलाफ और बेहतर करना चाहेंगी जबकि अनुभवी दीप्ति शर्मा अभी तक भारत की सबसे निरंतर गेंदबाज रही हैं.

राजेश्वरी गायकवाड़ अभी तक तीन मैचों में कोई विकेट नहीं ले सकी हैं, उनसे तथा पूजा वस्त्राकर और राधा यादव से भारतीय टीम अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी. आयरलैंड के लिये शीर्ष क्रम की बल्लेबाज ओर्ला प्रेंडरगास्ट तीन मैचों में 109 रन बनाकर अच्छी फॉर्म में हैं जबकि गैबी लुईस ने भी तीन मैचों में 84 रन बनाये हैं.

टीमें इस प्रकार हैं:

भारत:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, ऋचा घोष, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, देविका वैद्य, राधा यादव, रेणुका ठाकुर, अंजलि सरवनी, पूजा वस्त्राकर, राजेश्वरी गायकवाड़ और शिखा पांडे.

आयरलैंड:
लौरा डेलानी (कप्तान), जॉर्जीना डेम्पसे, एमी हंटर, शौना कवनघ, अर्लीन केली, गैबी लुईस, लुईस लिटिल, सोफी मैकमोहन, जेन मैगुइरे, कारा मरे, लिआह पॉल, ओर्ला  प्रेंडरगास्ट  , राहेल डेलाने, आइमर रिचर्डसन, मैरी वाल्ड्रॉन.

भारतीय समयानुसार मैच शाम साढ़े छह बजे शुरू होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu