भारतीय सेना सीमा पर किसी भी स्थिति से निपटने में पूरी तरह सक्षम: सिन्हा

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 17 Feb 2025 01:06 PM
भारतीय सेना सीमा पर किसी भी स्थिति से निपटने में पूरी तरह सक्षम: सिन्हा
ऑडियो सुनें

जम्मू: सीमा पार से गोलीबारी और नियंत्रण रेखा पर आईईडी हमले की हाल की घटनाओं के बीच, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि भारतीय सेना सीमा पर किसी भी स्थिति से निपटने में पूरी तरह सक्षम है और दुश्मन ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

उपराज्यपाल ने यह भी कहा कि सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवाद को खत्म करने और क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने के साफ तौर पर निर्देश दिए गए हैं, ऐसे में आतंकवाद रोधी अभियान बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगे।

सिन्हा ने यहां एक खेल कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘भारतीय सेना पूरी तरह सक्षम है और सीमा पर मुंहतोड़ जवाब दे रही है।’’ वह जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर हाल की घटनाओं पर पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। जम्मू क्षेत्र में 11 फरवरी को अखनूर सेक्टर में संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा किए गए संवर्द्धित विस्फोटक (आईईडी) से हमले में एक कैप्टन सहित दो सैन्यकर्मी शहीद हो गए थे।

राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा पर सीमा पार से गोलीबारी की अलग-अलग घटनाओं में सेना के दो जवान घायल हो गए थे, जबकि पिछले सप्ताह एक बारूदी सुरंग में धमाका होने से सेना का एक जवान घायल हो गया था।

भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान में ‘‘कई हताहत हुए हैं।’’ उपराज्यपाल ने कहा कि पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां ??तालमेल से काम कर रही हैं और उन्हें आतंकवाद का सफाया करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवाद रोधी अभियान रुकेंगे नहीं क्योंकि सर्वोच्च प्राथमिकता जम्मू-कश्मीर में शांति और सौहार्द बनाए रखना है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital