भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी शिखर धवन ने लिया क्रिकेट से संन्यास…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 24 Aug 2024 11:00 AM
भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी शिखर धवन ने लिया क्रिकेट से संन्यास…
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी शिखर धवन ने इंटरनेशनल और डोमेस्टिक क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका ऐलान किया है। टीम इंडिया के सबसे खतरनाक सलामी बल्लेबाजों में से एक शिखर धवन लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे थे।

शिखर धवन ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच दिसंबर-2022 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। तब से लेकर अब तक वो टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे।

टीम इंडिया के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक शिखर धवन को जब टीम इंडिया से बाहर का रास्ता दिखाया गया तब उनके फैंस बड़े मायूस हुए थे। फैंस को उम्मीद थी कि टीम इंडिया के गब्बर कहे जाने वाले शिखर धवन की जल्द टीम में वापसी होगी, लेकिन अब शिखर धवन ने खुद ही रिटायरमेंट का फैसला लेकर फैंस को चौंका दिया है।

हाल ही में दिए थे संकेत

दिग्गज पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने हाल ही में संन्यास लेने की ओर इशारा किया था। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने फैंस को समझाने का प्रयास किया था। इंटरव्यू के दौरान शिखर धवन ने कहा था कि, उन्हें उनकी खराब फॉर्म की वजह से टीम इंडिया से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। यहां वीडियो में देखिए उन्होंने संन्यास का ऐलान करते हुए क्या कहा है।

कैसा रहा शिखर धवन का करिअर

शिखर धवन ने टीम इंडिया के लिए कुल 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 इंटरनेशनल टी20 मैच खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 2315, वनडे में 6793 और टी20 मैच में 1759 रन बनाए हैं। टेस्ट में जहां शिखर धवन का सर्वाधिक स्कोर 190 रन का रहा है, वहीं वनडे क्रिकेट में उन्होंने सर्वोच्च 143 रन की पारी खेली है। वहीं, टी20 क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रनों का है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav