जांच एजेंसियां टीएमसी नेताओं से भाजपा में शामिल होने या कार्रवाई का सामना करने को कह रही हैं: ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Apr 2024 07:14 PM
जांच एजेंसियां टीएमसी नेताओं से भाजपा में शामिल होने या कार्रवाई का सामना करने को कह रही हैं: ममता
ऑडियो सुनें

पुरुलिया. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेताओं से या तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने या कार्रवाई का सामना करने के लिए कह रही हैं. पुरुलिया जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां भाजपा के ”हथियार” के रूप में काम कर रही हैं.

उन्होंने कहा, ”टीएमसी नेताओं को परेशान करने के लिए एनआईए, ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है. वे बिना किसी पूर्व सूचना के छापेमारी कर रहे हैं और घरों में घुस रहे हैं. जब रात में सभी लोग सो रहे हों और कोई उनके घर में घुस जाए तो महिलाएं क्या करेंगी.” बनर्जी भूपतिनगर में शनिवार की घटना का जिक्र कर रही थीं जहां एक विस्फोट मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने गई एनआईए की एक टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया था. उन्होंने आरोप लगाया, ”एजेंसियां हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं को या तो भाजपा में शामिल होने या कार्रवाई का सामना करने के लिए कह रही हैं.”

लोगों से किसी के उकसावे में न आने की अपील करते हुए बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा रामनवमी के दौरान सांप्रदायिक भावनाएं भड़का सकती है. मुख्यमंत्री ने केंद्र की भाजपा-नीत सरकार पर पश्चिम बंगाल को मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजनाओं के लिए धन से वंचित करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीबों को आवास बनाने के लिए 1.2 लाख रुपये देगी. उन्होंने कहा, ”निर्वाचन आयोग अभी हमें पैसे देने की अनुमति नहीं देगा. चुनाव के बाद हम गरीबों के घर बनाएंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu