बेंगलुरु कैफे में विस्फोट की वजह एवं प्रकृति का पता लगाने के लिए की जा रही है जांच: सिद्धरमैया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 01 Mar 2024 10:10 PM
बेंगलुरु कैफे में विस्फोट की वजह एवं प्रकृति का पता लगाने के लिए की जा रही है जांच: सिद्धरमैया
ऑडियो सुनें

मैसुरु/तुमकुरू. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शुक्रवार को कहा कि बेंगलुरु में लोकप्रिय रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट की वजह और प्रकृति का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है तथा आशंका है कि कि ‘आईईडी’ से यह विस्फोट हुआ है. उन्होंने कहा कि इस विस्फोट में जो लोग शामिल होंगे, उनका पता लगाया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने मैसुरु में संवाददाताओं से कहा, ”मुझे जो सूचना मिली है, उसके मुताबिक 12 बजे के बाद कोई व्यक्ति एक बैग रखकर चला गया. जांच चल रही है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी घायल खतरे के बाहर हैं.

उन्होंने कहा, ”सीसीटीवी एवं अन्य चीजों की पड़ताल की जा रही है. हमें पता चला है कि किसी ने वहां बैग रख दिया था. बताया जाता है कि यह आईईडी विस्फोट था. हमें देखना होगा, जांच चल रही है.” यह पूछे जाने पर कि क्या यह आतंकवादी कृत्य था, उन्होंने कहा कि यह ज्ञात नहीं है और जांच चल रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस मौके पर है तथा उन्होंने गृहमंत्री को घटनास्थल पर जाने को कहा है.

सिद्धरमैया ने कहा, ”यह कोई बड़ा विस्फोट नहीं था, यह आईईडी विस्फोट था. ऐसी चीजें पहले भी हुई हैं, यह नहीं होना चाहिए. देखते हैं, यह क्या है. हाल के समय में भाजपा के शासनकाल के दौरान मेंगलुरु की घटना के अलावा ऐसे विस्फोट और नहीं हुए. यह हमारी सरकार के दौरान ऐसी पहली घटना है.” उन्होंने कहा कि इस घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए तथा सभी को सहयोग करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जो लोग इसमें शामिल होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

जब मुख्यमंत्री से पूछा गया कि क्या इस विस्फोट की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिये गये हैं, तो उन्होंने कहा, ”पहले चीजें स्पष्ट हो जाएं. फिलहाल हमारे पास सूचना है कि यह विस्फोट है.” उन्होंने कहा, ”मैंने पुलिस से बात की है और उसने मुझे वर्तमान जांच के बारे में बताया है. वहां एक व्यक्ति के पास एक बैग था. उस व्यक्ति की पहचान नहीं हो पायी है. कैफे के खजांची से पूछताछ की जा रही है, क्योंकि वह व्यक्ति टोकन लेने के लिए खजांची के पास गया था और उसने वहां खाना खाया था…. उसी व्यक्ति ने बैग रखा था.”

गृहमंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि पुलिस आयुक्त और महानिदेशक ने यह पता लगाने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया कि कैसे विस्फोट हआ, किसने किया या क्या यह हादसा हो सकता है. परमेश्वर ने तुमकुरू के कुनिगाल में संवाददाताओं से कहा कि फोरेंसिक दल और बम निष्क्रय करने वाला दस्ता मौके पर हैं. उन्होंने कहा कि नमूने लेने के बाद ही विस्फोट की वजह का पता चलेगा.

उन्होंने कहा, ”मुझे जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार करीब नौ लोग घायल हुए हैं. उन सभी को अस्पताल ले जाया गया है और कोई गंभीर हालत में नहीं है.” उन्होंने कहा कि वह आज शाम या कल सुबह घटनास्थल पर जायेंगे. जब गृहमंत्री से आईईडी से विस्फोट होने की खबरों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि नमूने इकट्ठा किये गये हैं तथा उनका सत्यापन करने के बाद यह पता चलेगा तथा फिर उस हिसाब से जांच की जाएगी. उन्होंने कहा, ”बैग से विस्फोट होने की सूचना है, लेकिन हमें विभाग से सटीक जानकारी लेनी है.” उन्होंने कहा कि वह किसी संगठन की संलिप्तता या किसी अन्य चीजों के बारे में अटकलें नहीं लगायेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu