IPL 2022: राजस्थान ने रोमांचक मुकाबले में लखनऊ को तीन रन से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Jun 2023 09:47 PM
IPL 2022: राजस्थान ने रोमांचक मुकाबले में लखनऊ को तीन रन से हराया
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिमरोन हेटमायर की 59 रन की आक्रामक पारी के बाद मैन आॅफ द मैच युजवेंद्र चहल (41 रन पर चार विकेट) और ट्रेंट बोल्ट (30 रन पर दो विकेट)  की शानदार गेंदबाजी से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबले में रविवार को यहां लखनऊ सुपर जायंट्स को तीन रन से हराया। लखनऊ की जीत के लिए आखिरी ओवर 15 रन चाहिए थे और क्रीज पर मार्कस स्टोइनिस  मौजूद थे लेकिन पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज कुलदीप सेन (35 रन पर एक विकेट) ने शानदार गेंदबाजी कर राजस्थान को जीत दिला दी। स्टोइनिस ने 17 गेंद की नाबाद पारी में चार छक्के और दो चौके की मदद से 38 रन बनाये।

राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 165 रन बनाये और फिर लखनऊ को आठ विकेट पर 162 रन पर रोक दिया।
हेटमायर ने रविचंद्रन अश्विन (28) के साथ पांचवें विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी कर टीम की मैच में वापसी करायी। उन्होंने कृष्णप्पा गौतम की गेंद पर कृणाल पंड्या द्वारा आसान कैच टपकाये जाने का पूरा फायदा उठाते हुए 36 गेंद की नाबाद पारी में छह छक्के और एक चौका जड़ा। अश्विन 19वें ओवर में रिटायर आउट हुए। वह इस तरह पवेलियन लौटने वाले आईपीएल के पहले बल्लेबाज बने। राजस्थान की टीम ने आखिरी तीन ओवरों में 50 रन जोड़े।

लक्ष्य का पीछा करते समय ट्रेंट बोल्ट ने पहली दो गेंदों पर लोकेश राहुल और कृष्णप्पा गौतम को पवेलियन भेज कर राजस्थान को कमाल की शुरुआत दिलायी। उन्होंने राहुल को बोल्ड किया तो वही कृष्णप्पा पगबाधा हुए। चौथे ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा (35 रन पर एक विकेट) ने जेसन होल्डर (08) को अश्विन के हाथों कैच कराया।

इसके बाद दीपक हुड्डा और सलामी बल्लेबाज ंिक्वटन डिकॉक ने संभल कर बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में टीम का स्कोर तीन विकेट पर 31 रन तक पहुंचाया। इस दौरान हुड्डा ने बोल्ट और प्रसिद्ध के खिलाफ चौके जड़े। सातवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये सेन के खिलाफ डिकॉक ने अपनी पारी का पहला छक्का लगाया। सेन ने हालांकि दसवें ओवर में हुड्डा को बोल्ड कर 24 गेंद में उनकी 25 रन की पारी को खत्म किया।

डिकॉक ने 12 वें ओवर में चहल के खिलाफ चौका लगाया लेकिन इस चतुर गेंदबाज ने शानदार लय में चल रहे आयुष बडोनी (पांच रन) को अपनी फिरकी में फंसा कर आउट किया। उन्होंने 16वें ओवर में डिकॉक और कृणाल को आउट कर लखनऊ को दो बड़े झटके दिये।  32 गेंद में दो चौके एक छक्का की मदद से 39 रन बनाने वाले डिकॉक का कैच रियान पराग ने पकड़ा तो वहीं कृणाल 15 गेंद में 22 रन बनाकर बोल्ड हुए।

अब क्रीज मार्कस स्टोइनिस का साथ देने पहुंचे दुष्मंता चमीरा (13) के बल्ले  के दो चौके निकले। स्टोइनिस ने 18वें ओवर में चहल का स्वागत छक्के से किया लेकिन इस गेंदबाज ने चमीरा को बोल्ड कर अपना चौथ विकेट लेने के साथ आईपीएल में 150 विकेट पूरे किये। आवेश खान ने इसके बाद छक्के से ओवर का समापन किया। अब लखनऊ को दो ओवर में 34 रन की जरूरत थी और स्टोइनिस ने प्रसिद्ध के ओवर में दो छक्के और चौका जड़ कर मैच को रोमांचक बना दिया।

आखिरी ओवर में टीम को 15 रन की जरूरत थी और सेन की पहली गेंद पर आवेश ने एक रन चुराकर स्टोइनिस को स्ट्राइक दिया लेकिन युवा गेंदबाज ने लगातार तीन डॉट गेंद कर मैच राजस्थान के पक्ष में कर दिया। स्टोइनिस ने हालांकि आखिरी दो गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद देवदत्त पडिक्कल ने शुरुआती ओवर में चमीरा (चार ओवर में बिना सफलता के 22 रन) के खिलाफ चौका लगाया तो वही शानदार लय में चल रहे जोस बटलर (13) ने होल्डर (48 रन पर दो विकेट) के खिलाफ छक्का और फिर चौका लगाकर अपना खाता खोला ।

पडिक्कल ने चौथे ओवर में रवि बिश्नोई का स्वागत लगातार दो चौके से किया लेकिन टीम पावर प्ले के आखिरी दो ओवरों में सिर्फ पांच रन जुटा सकी और इस दौरान आवेश (31 रन पर एक विकेट) ने बटलर को बोल्ड कर लखनऊ को पहली सफलता दिलायी।
कप्तान संजू सैमसन (13) ने बिश्नोई और आवेश के खिलाफ चौके जड़े लेकिन रन गति को बढ़ाने के प्रयास में नौवें ओवर में होल्डर की गेंद पर पगबाधा हो गये।

अगले ओवर में कृष्णप्पा (30 रन पर दो विकेट) ने राजस्थान की टीम को दोहरा झटका दिया। उन्होंने अब तक एक छोर संभाले रखने वाले पडिक्कल को होल्डर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजने के बाद रासी वान दर डुसें (04) को बोल्ड किया। पडिक्कल ने चार चौकों की मदद से 29 गेंद में इतने ही रन बनाये। राजस्थान की टीम 11 गेंद और सात रन के अंदर तीन विकेट गंवाने के बाद दबाव में आ गयी।

हेटमायर और  अश्विन की जोड़ी अगले पांच ओवर में संभलकर खेलते हुए सिर्फ 25 रन बनाये, जिसमें हेटमायर का कृष्णप्पा के खिलाफ लगाया गया शानदार छक्का शामिल था। अश्विन ने 16वें ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर कृष्णप्पा के खिलाफ दो छक्के जड़कर टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। इस ओवर से 16 रन बने।

हेटमायर ने 18वें ओवर में होल्डर के खिलाफ छक्का जड़कर अश्विन के साथ पांचवें विकेट के लिए 7.3 ओवर में 50 रन की साझेदारी पूरी करने के बाद एक और छक्का जड़कर रन गति को तेज किया। अगले ओवर की दूसरी गेंद के बाद अश्विन रिटायर आउट हो कर पवेलियन लौट गये ।  हेटमायर ने आवेश खान के इस ओवर में लगातार दो छक्के लगाकर 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। आखिरी ओवर में गेंदबाजी के लिये आये होल्डर के खिलाफ हेटमायर और रियान पराग ने छक्के जड़ कर टीम के स्कोर को 160 के पार पहुंचाया। पराग चार गेंद पर आठ रन बनाकर कैच आउट हुए।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu