इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ ‘सीमित’ अभियान शुरू किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 01 Oct 2024 12:20 PM
इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ ‘सीमित’ अभियान शुरू किया
ऑडियो सुनें

यरुशलम: इजराइली सेना ने मंगलवार को कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों के खिलाफ ‘‘सीमित, स्थानीय’’ अभियान शुरू कर दिया है जिससे लेबनान के इस आतंकवादी समूह के खिलाफ उसके युद्ध में एक नया मोर्चा खुल गया है।

इजराइली सेना ने एक संक्षिप्त घोषणा में कहा कि वह उन इलाकों में हिजबुल्ला के ठिकानों पर हमला कर रहा है जो इजराइली सीमा के करीब हैं और हवाई सेना तथा तोपखाना इकाइयां जमीनी बलों के सहयोग के लिए हमले कर रही हैं।

उसने यह नहीं बताया कि यह अभियान कब तक जारी रहेगा लेकिन कहा कि सेना महीनों से इसकी तैयारी कर रही थी। उसने कहा, ‘‘कुछ घंटे पहले ‘इजराइल डिफेंस फोर्सेज’ (आईडीए) ने सीमित, स्थानीय और लक्षित जमीनी हमले शुरू कर दिए। हमलों का लक्ष्य सीमा के करीब स्थित गांव हैं और यह उत्तरी इजराइल में इजराइली समुदायों के लिए खतरा पैदा करते हैं।’’

इससे पहले, अमेरिकी अधिकारियों ने बताया था कि इजराइल ने हिजबुल्ला के खिलाफ छोटे जमीनी हमले शुरू किए और सोमवार को अपनी उत्तरी सीमा सील कर दी। विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा कि इजराइल ने इन हमलों के बारे में अमेरिका को सूचित किया है और उन्होंने इसे ‘‘सीमा के समीप हिजबुल्ला के बुनियादी ढांचे पर केंद्रित सीमित अभियान’’ बताया।

इजराइली सेना और हिजबुल्ला आतंकवादियों के बीच आमने-सामने की लड़ाई की अभी कोई खबर नहीं है।
हिजबुल्ला ने सोमवार को अपने नेता हसन नसरल्ला और अन्य शीर्ष अधिकारियों के मारे जाने के बाद भी लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।

आतंकी समूह के कार्यवाहक नेता नईम कासेम ने नसरल्ला की मौत के बाद सोमवार को टेलीविजन पर अपने पहले बयान में कहा कि अगर इजराइल जमीनी हमला करने का फैसला करता है तो हिजबुल्ला के लड़ाके पूरी तरह से तैयार हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav