उम्मीद है सर्वदलीय बैठक में इस बार प्रधानमंत्री शामिल होंगे: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 May 2025 06:19 PM
उम्मीद है सर्वदलीय बैठक में इस बार प्रधानमंत्री शामिल होंगे: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने बुधवार को उम्मीद जतायी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कम से कम “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद बृहस्पतिवार को होने वाली सर्वदलीय बैठक में जरूर शामिल होंगे. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बैठक में कांग्रेस की तरफ से शामिल होंगे.

रमेश ने संवाददाताओं से कहा, ” प्रधानमंत्री हाल के वर्षों में सर्वदलीय बैठकों में शामिल नहीं हुए हैं लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि वह कम से कम कल की बैठक में शामिल होंगे.” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में शामिल न होने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना की थी. रमेश का कहना था कि अन्य दलों के शीर्ष नेता बैठक में शामिल नहीं हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस की तरफ से दोनों सर्वोच्च नेता बैठक का हिस्सा होंगे. सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद बृहस्पतिवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है.

भारतीय सश्स्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों के ठिकानों समेत आतंकियों के छुपने के नौ अड्डों को रात के वक्त निशाना बनाया.

निशाना बनाए गए ठिकानों में बहावलपुर का मरकज सुभान अल्लाह, तेहरा कलां का सरजल, कोटली का मरकज अब्बास और मुजफ्फराबाद का सैयदना बिलाल कैंप शामिल हैं. ये सभी ठिकाने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं. इस अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनमें मुरीदके का मरकज तैयबा, बरनाला का मरकज अहले-हदीस और मुजफ्फराबाद का शवावाई नाला कैंप शामिल हैं. पहलगाम आतंकी हमले के दो सप्ताह बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत ये सैन्य हमले किए गए. पहलगाम हमले में 26 नागरिक मारे गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu