ट्रंप को निशाने पर लेने वाली बात कहना एक ‘गलती’ थी: राष्ट्रपति बाइडन

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 16 Jul 2024 12:07 PM
ट्रंप को निशाने पर लेने वाली बात कहना एक ‘गलती’ थी: राष्ट्रपति बाइडन
ऑडियो सुनें

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने सोमवार को कहा कि यह कहना उनकी गलती थी कि वह रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को ‘‘निशाने पर लेना’’ चाहते हैं लेकिन साथ ही उन्होंने दलील दी कि उनके प्रतिद्वंद्वी की बयानबाजी कहीं अधिक भड़काऊ थी।

साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि ट्रंप अब भी लोकतांत्रिक संस्थानों के लिए खतरा बने हुए हैं। बाइडन ने यह टिप्पणी पिछले सप्ताह दानदाताओं के साथ एक निजी बातचीत के दौरान की थी। उस बातचीत के दौरान बाइडन ने कहा था कि उन्होंने ट्रंप के साथ बहस में अपने निराशाजनक प्रदर्शन के बारे में बात करना बंद कर दिया है और अब ‘‘ट्रंप को निशाने पर लेने का समय आ गया है।’’

बाइडन ‘एनबीसी न्यूज’ को दिए एक साक्षात्कार के दौरान राष्ट्रपति पद के लिए अपनी फिटनेस को लेकर पूछे गए सवालों पर कई बार बचाव की मुद्रा में नजर आए। बाइडन ने यह स्पष्ट किया कि वह ट्रंप पर अपना ध्यान केंद्रित करते रहेंगे। उन्होंने अपनी ‘‘गलती’’ स्वीकार की लेकिन उन्होंने नवंबर में होने वाले चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के हारने पर ‘‘खूनखराबे’’ को लेकर की ट्रंप की टिप्पणियों का भी जिक्र किया।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘देखिए, आप लोकतंत्र पर वास्तविक खतरे के बारे में कैसे बात करते हैं, कोई राष्ट्रपति कब ऐसा कहता है जैसा कि उन्होंने कहा?’’ ट्रंप (78) शनिवार को पेनसिल्वेनिया में एक रैली में उस समय बाल-बाल बच गए, जब 20 वर्षीय एक हमलावर ने उन पर कई गोलियां चलाईं। इस हमले में वह जख्मी हो गए और उनके दाहिने कान के ऊपरी हिस्से पर चोट आई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav