मेरे लिए सशक्त महिला की भूमिका निभाना आसान होता है: काजोल

मुंबई. “बाजीगर”, “दुश्मन”, “गुप्त”, “सलाम वेंकी” और अब सीरीज. “द ट्रायल” में सशक्त महिला की भूमिका निभाने वालीं अभिनेत्री काजोल का कहना है ऐसे किरदार निभाने में उन्हें कोई परेशानी नहीं होती. डिज्नी हॉटस्टार पर आगामी कार्यक्रम “द ट्रायल” में काजोल ने नोयोनिका सेनगुप्ता नामक गृहिणी की भूमिका निभाई है जो सार्वजनिक घोटाले में अपने पति के जेल जाने के बाद एक वकील के तौर पर पेशेवर दुनिया में कदम रखती है.

निर्देशक सुपर्ण एस. वर्मा के निर्देशन में बनी सीरिज ”द ट्रायल- प्यार, कानून, धोखा” मशहूर अमेरिकी सीरीज “द गुड वाइफ” का भारतीय रूपांतरण है. काजोल ने कहा कि एक अभिनेत्री के रूप में उनकी पसंद उनके शक्तिशाली व्यक्तित्व को दर्शाती है. अभिनेत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, “मेरे लिए एक कमजोर किरदार निभाने की तुलना में एक मजबूत, शक्तिशाली किरदार निभाना आसान है. कमजोर दिखने के बजाय मजबूत दिखना मेरे लिए स्वाभाविक है.”

काजोल ने कहा, “नोयोनिका के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि वह एक मजबूत व्यक्ति है, लेकिन जब एक मजबूत व्यक्ति को ऐसी स्थिति में रखा जाता है, जहां वह कमजोर और संवेदनशील हो जाता है, तो किरदार निभाना कठिन हो जाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए मुझे यह भूमिका पसंद आई.” काजोल (48) ने कहा कि वह मुश्किल हालात से निपटने के मामले में नोयोनिका को खुद से जुड़ा पाती हैं.

अभिनेत्री ने कहा कि सुपर्णा चाहती थी कि मैं यह किरदार निभाऊं क्योंकि वह (नोयोनिका) एक हस्ती है और दो बच्चों की मां है. दोनों में बहुत सारी समानताएं हैं. नोयोनिका और मेरे बीच जो सबसे बड़ी समानता है, वह यह है कि वह एक बेहद व्यावहारिक महिला है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button