यह जरूरी है कि मेरे जैसे अभिनेता अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाएं: शाहरुख खान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 03 Nov 2025 09:14 PM
यह जरूरी है कि मेरे जैसे अभिनेता अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाएं: शाहरुख खान
ऑडियो सुनें

मुंबई/नयी दिल्ली. अभिनेता शाहरुख खान का कहना है कि यह जरूरी है कि उनके जैसे अदाकार अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाएं और उम्मीद है कि “किंग” में उनका “बेहद डार्क और ग्रे” किरदार प्रशंसकों को पसंद आएगा. रविवार को शाहरुख के 60वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित प्रशंसकों के एक विशेष कार्यक्रम में, अभिनेता ने अपने करियर की उपलब्धियों, निराशाओं, “द बैड्स ऑफ. बॉलीवुड” से पहले बेटे आर्यन खान को दी गई सलाह और अपनी आगामी फिल्म के बारे में बात की.

उन्होंने कहा, “नायक और खलनायक के बीच का अंतर लोग करते हैं. मैंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ‘डर’, ‘अंजाम’ और ‘बाजीगर’ जैसी फिल्में कीं और उनमें (भूमिकाओं को) खलनायक, पीछा करने वाला माना जाएगा…मुझे लगता है कि अगर हम फिल्मों में दिलचस्प चीजें नहीं करेंगे, तो वही दृश्य होंगे- नायक आता है, दो गाने गाता है और झगड़ा करता है….” शाहरुख ने रविवार रात प्रशंसकों के कार्यक्रम में कहा, “मुझे लगता है कि कहानी कहने के लिए, और इसलिए नहीं कि आजकल के युवा फिल्में देखते हैं, यह जरूरी है कि मेरे जैसे अभिनेता अलग-अलग तरह की भूमिकाएं करें, कुछ प्रेरणादायक हों, कुछ महत्वाकांक्षी, कुछ हास्यपूर्ण और कुछ रोमांटिक.”

उन्होंने कहा, ”मैं यही कोशिश कर रहा हूं क्योंकि साल में एक बड़ी फिल्म आती है और मैं यह भी जानता हूं कि फिल्में बनाना थोड़ा मुश्किल हो गया है. इसलिए हमें सावधान रहना चाहिए ताकि हम आप लोगों को निराश न करें.” दीपिका पादुकोण और शाहरुख की बेटी सुहाना खान अभिनीत “किंग” का ‘फर्स्ट लुक’ रविवार को जारी किया गया. शाहरुख 2023 में आई “पठान” के बाद सिद्धार्थ आनंद के साथ फिर से इसमें काम कर रहे हैं. शाहरुख ने कहा कि इस किरदार में कई बुराइयां हैं. उन्होंने कहा, ”वह एक हत्यारा है, निर्दयी है… लेकिन यह एक बहुत ही दिलचस्प किरदार है.” शाहरुख की इस साल कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई, लेकिन उनके लिए यह वर्ष उल्लेखनीय है क्योंकि उन्हें पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला और बेटे आर्यन खान ने “द बैड्स ऑफ. बॉलीवुड” के साथ सफल शुरुआत की.

जब एक प्रशंसक ने पूछा कि उन्होंने आर्यन को क्या सलाह दी, तो शाहरुख ने कहा कि वह अपने बच्चों को यह बताने में यकीन नहीं रखते कि उन्हें क्या करना चाहिए और क्या नहीं. उन्होंने कहा, “क्योंकि मुझे लगता है कि रचनात्मक लोगों को कुछ भी बताने की ज़रूरत नहीं है. मैं 35 सालों से फिल्मों में काम कर रहा हूं, इसलिए मुझे पता है कि मेरे साथ बहुत सारा बोझ है. ‘पापा की बात माननी पड़ेगी क्योंकि वह शाहरुख खान हैं.’ मैं नहीं चाहता कि उस पर यह बोझ हो.”

उन्होंने कहा, “अभिनय में सुहाना और लेखन व निर्देशन में आर्यन, वे खुद ही काम करते हैं. और जब उन्हें ज़रूरत होती है, तो वे मुझसे पूछते हैं कि कोई चीज़ कैसी लग रही है. और मैं उन्हें अपना नज़रिया बताता हूं. कभी यह अच्छा होता है और कभी बुरा. लेकिन मैं उनसे कहता हूं, ‘तुम वही करो जो करना चाहते हो.'” शाहरुख ने कहा कि उनकी कोशिश हमेशा कुछ ऐसा बनाने की होती है जो इंडस्ट्री में एक ट्रेंड सेट करे और नए अवसर लेकर आए. इसीलिए उन्होंने अपने करियर की पहली सुपरहीरो फिल्म “रा.वन” बनाई. अभिनेता ने इस सुपरहीरो गाथा के सीक्वल की संभावना भी जताई, जिसका अंत एक रोमांचक मोड़ पर हुआ था.

‘बेंजामिन बटन’ की तरह हर रोज जवां दिखने वाले शाहरुख खान को जन्मदिन की बधाई: शशि थरूर

राजनेता शशि थरूर ने शाहरुख खान के जन्मदिन पर उन्हें अनोखा शुभकामना संदेश दिया. उन्होंने कहा कि रविवार को अपना 60वां जन्मदिन मनाने वाले खान की उम्र बढ.ने की बजाए ‘बेंजामिन बटन’ की तरह घट रही है और वह हर दिन जवान हो रहे हैं. थरूर ने 2008 में आई ब्रैड पिट अभिनीत फिल्म का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी तरह से शाहरुख 60 साल के नहीं दिखते. उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में शाहरुख डेविड फिंचर निर्देशित ‘द क्यूरियस केस ऑफ बेंजामिन बटन’ के नायक की तरह दिखते हैं.

उन्होंने लिखा, ”बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान को 60वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. मुझे यह 60 संख्या बहुत संदिग्ध लग रही है. थरूर ने लिखा, ” शाहरुख खान के 60 वर्ष के होने का दावा तथ्यात्मक रूप से मुझे सही नहीं लगता.” थरूर ने कहा कि जब शाहरुख 70 साल के हो जाएंगे, तब तक वह किशोर अवस्था की भूमिकाओं के लिए ऑडिशन दे रहे होंगे.

उन्होंने मजाकिया लहजे में लिखा, ” उनकी उम्र लगातार घट रही है और जब वह बाल कलाकारों की भूमिका निभाएंगे, तब तक मैं संभवत: यहां नहीं रहूंगा.” थरूर ने आगे लिखा,” इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं! शाहरुख, ऐसे ही आप भौतिकी और जीव विज्ञान को चकमा देते रहें और अपनी उम्र को लेकर हम सब को भुलावे में डाले रहें.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu