चिड़ियाघर में सिंहों के बाड़े में कूदा सियार, सुरंग में छिपकर बचाई जान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Apr 2022 10:01 PM
चिड़ियाघर में सिंहों के बाड़े में कूदा सियार, सुरंग में छिपकर बचाई जान
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर में भोजन-पानी की तलाश में जंगल से भटका एक सियार बुधवार को कमला नेहरू चिड़ियाघर में घुसने के बाद सिंहों के बाड़े में कूद गया. सिंहों द्वारा शिकार के लिए पीछा किए जाने पर सियार ने बाड़े की एक पतली सुरंग में छिपकर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई. इस दिलचस्प घटनाक्रम को एक दर्शक ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है .

चिड़ियाघर प्रभारी उत्तम यादव ने “पीटीआई-भाषा” को बताया, ‘‘सिंहों के बाड़े में कूदने वाला सियार हमारे चिड़ियाघर का नहीं है. वह भोजन-पानी की तलाश में जंगल से भटककर शहर में दाखिल हुआ और उस हिस्से से चिड़ियाघर में घुस गया जो नाले से सटा है.’’ उन्होंने बताया कि करीब 10 महीने का सियार संभवत: सिंहों को परोसे गए मांस की गंध पाकर एक पेड़ पर चढ़ा और उनके बाड़े में घुस गया.

यादव ने बताया कि अपने बाड़े में अचानक सियार को देखकर गुस्से में आए सिंहों ने उसे दबोचने के लिए उसका पीछा किया, लेकिन चुस्त सियार कुछ देर तक सिंहों को छकाता रहा और बाद में बाड़े में चूहों की खोदी गई एक पतली सुरंग में छिपकर बैठ गया. उन्होंने बताया कि इस घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर चिड़ियाघर प्रबंधन ने भयभीत सियार को सिंहों के बाड़े से सुरक्षित बाहर निकाला. यादव ने बताया,‘‘सियार के सिर, पैरों और पूंछ में पुरानी चोटें मिली हैं. हम चिड़ियाघर के पशु चिकित्सालय में उसका इलाज कर रहे हैं.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu