जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जैश के दुष्प्रचार वीडियो को लेकर किया आगाह, लोगों से साझा नहीं करने की अपील

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Jul 2024 07:58 PM
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जैश के दुष्प्रचार वीडियो को लेकर किया आगाह, लोगों से साझा नहीं करने की अपील
ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोमवार को पाकिस्तान परस्त एवं प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद द्वारा जारी दुष्प्रचार वीडियो को लेकर अलर्ट जारी किया और लोगों को आगाह किया कि इस वीडियो को साझा करने पर उनके खिलाफ गैर कानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम (यूएपीए) के तहत कार्रवाई की जा सकती है. जैश-ए-मोहम्मद ने बॉलीवुड फिल्म ‘फैंटम’ के पोस्टर के साथ पांच मिनट 55 सेकेंड का वीडियो जारी किया है. पुलिस ने एक विज्ञप्ति में बताया कि वीडियो क्लिप अपराह्न करीब दो बजे जारी की गयी.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ” किसी भी परिस्थिति में इस वीडियो को आगे प्रसारित नहीं किया जाना चाहिए. याद रखें कि इस प्रकृति की किसी सामग्री को प्रसारित करना यूएपीए की धारा 13 और 18 के तहत अपराध है.” पुलिस ने लोगों और अधिकारियों से कहा है कि वे सुनिश्चित करें कि यह वीडियो किसी भी सूरत में प्रसारित न हो.

पुलिस ने कहा, ”दूसरी बात, वे उन लोगों की जानकारी दें जिन्होंने उन्हें दुष्प्रचार करने वाले वीडियो भेजे हैं जिसमे उनके फोन नंबर, वीडियो प्राप्त करने की तारीख और समय की जानकारी हो.” विज्ञप्ति के मुताबिक पुलिस र्किमयों को अपने वरिष्ठ अधिकारियों और असैन्य अधिकारियों को भी अपने संबंधित शीर्ष अधिकारियों को लिखित संदेश के माध्यम से ऐसे वीडियो की जानकारी देनी होगी.
पुलिस ने बताया कि आतंकवादी संगठन और पाकिस्तान की सेना देश के खिलाफ मनोवैज्ञानिक युद्ध छेड़ते हुए जम्मू-कश्मीर में कार्यरत सुरक्षाबलों के खिलाफ दुष्प्रचार करने के वास्ते सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो पोस्ट कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu