झारखंड चुनाव : ‘इंडिया’ गठबंधन ने घोषणापत्र में गरीबों के लिए 10 लाख नौकरियों का किया वादा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Nov 2024 08:51 PM
झारखंड चुनाव : ‘इंडिया’ गठबंधन ने घोषणापत्र में गरीबों के लिए 10 लाख नौकरियों का किया वादा
ऑडियो सुनें

रांची. ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) ने आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया जिसमें युवाओं के लिए 10 लाख नौकरियां और गरीबों के लिए 15 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा कवरेज का वादा किया गया है.

‘इंडिया’ गठबंधन के चुनाव घोषणापत्र में ‘7 गारंटी’ शामिल हैं जिनमें सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए आरक्षण को अनुसूचित जनजातियों के लिए 26 प्रतिशत से बढ़ाकर 28 प्रतिशत, अनुसूचित जाति के लिए 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 28 प्रतिशत करने की बात कही गयी है.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राजद के जेपी यादव के साथ संयुक्त रूप से घोषणापत्र जारी करते हुए कहा, “इंडिया गठबंधन युवाओं के लिए 10 लाख नौकरियां और गरीबों के वास्ते 15 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा सुनिश्चित करेगा.” खरगे ने कहा, “जब भी हम किसी गारंटी की बात करते हैं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तुरंत इसकी आलोचना करते हैं…प्रधानमंत्री मोदी यहां आए और अपने भाषण के दौरान उन्होंने मेरा नाम लिया और कहा कि कांग्रेस की गारंटियों की कोई विश्वसनीयता नहीं है…कांग्रेस अपनी सभी गारंटियां पूरी करती है लेकिन मोदी की गारंटियां कभी पूरी नहीं होतीं.”

‘इंडिया’ गठबंधन ने गरीबों के लिए मुफ्त मासिक राशन को पांच किलोग्राम से बढ़ाकर सात किलोग्राम करने और झारखंड में 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का वादा किया है. सोरेन ने कहा, “इस चुनाव के बाद आने वाली सरकार उन गारंटियों के साथ आगे बढ़ेगी, जिन्हें हमने आज जारी किया है.” झारखंड विधानसभा के लिए चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होंगे तथा मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu