झारखंड: पलामू में छत्तीसगढ़ की मंचीय कलाकार के साथ सामूहिक बलात्कार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Mar 2024 08:30 PM
झारखंड: पलामू में छत्तीसगढ़ की मंचीय कलाकार के साथ सामूहिक बलात्कार
ऑडियो सुनें

मेदिनीनगर. झारखंड के पलामू जिले में छत्तीसगढ़ की 21 वर्षीय एक मंचीय कलाकार के साथ उसके सह-कलाकारों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया. यह घटना दुमका जिले में एक विदेशी पर्यटक के साथ कथित तौर पर हुए सामूहिक बलात्कार के कुछ दिन बाद हुई है.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पलामू के रहने वाले तीन सह-कलाकारों ने मंचीय कलाकार को नशीला पदार्थ देकर कार में कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया. विश्रामपुर उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राकेश सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता को पलामू के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी मेडिकल जांच की जाएगी.

यह घटना शनिवार देर रात राज्य की राजधानी रांची से लगभग 200 किलोमीटर दूर विश्रामपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क पर हुई.
उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को वहीं बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए. एसडीपीओ ने बताया कि महिला कलाकार छत्तीसगढ़ से पलामू जिले के विश्रामपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आई थी.

उन्होंने कहा, ”किसी कारणवश वह कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका. इसलिए, वह अपने पुरुष सह-कलाकारों के साथ हुसैनाबाद में एक अन्य समारोह के लिए चली गईं.” सिंह ने कहा, ”हुसैनाबाद के रास्ते में आरोपियों ने कथित तौर पर महिला को कुछ नशीला पदार्थ खिलाया. जिसके बाद कार में पीड़िता के साथ दु्ष्किकमयों ने बलात्कार किया. वे उसे बेहोशी की हालत में सड़क किनारे छोड़ कर भाग गए.” उन्होंने बताया कि पुलिस को रविवार को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं, तीसरे आरोपी की तलाश जारी है.

इससे पहले, शुक्रवार की रात दुमका जिले में एक विदेशी पर्यटक के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था, जहां वह अपने पति के साथ एक तंबू में ठहरी हुई थी. इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी चार आरोपियों की तलाश जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu