विवादों की ‘क्वीन’ हैं कंगना : हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Apr 2024 06:54 PM
विवादों की ‘क्वीन’ हैं कंगना : हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह
ऑडियो सुनें

शिमला. हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार कंगना रनौत को सोमवार को विवादों की ”क्वीन” करार दिया. सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”इसमें कोई संदेह नहीं है कि कंगना एक अच्छी अभिनेत्री हैं लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि वह विवादों की ‘क्वीन’ हैं. यदि उन्हें लगता है कि उन्होंने समय-समय पर जो कुछ कहा है उसका जिक्र चुनावों के दौरान नहीं किया जाएगा तो उन्हें ‘जय श्री राम’.

सिंह ने कहा, लेकिन इन मुद्दों को लोकसभा चुनाव में उठाया जाएगा और कंगना को हिमाचल प्रदेश, विशेष रूप से मंडी के लोगों को जवाब देना होगा. इस सीट पर, लोक निर्माण मंत्री और उनकी मां प्रतिभा सिंह, दोनों ही लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से संभावित उम्मीदवार हैं. सिंह मंडी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी भी हैं जबकि उनकी मां इस सीट से मौजूदा उम्मीदवार हैं.

‘बीफ’ खाने को लेकर कंगना के खिलाफ एक आरोप का संदर्भ देते हुए सिंह ने कहा कि वह प्रभु राम से उन्हें (अभिनेत्री) सदबुद्धि देने की प्रार्थना करते हैं. मंत्री ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि कंगना देवभूमि हिमाचल से शुद्ध होकर बॉलीवुड लौटेंगी क्योंकि वह चुनाव नहीं जीतेंगी और इसका कारण है कि उन्हें राज्य के लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं है.

कंगना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”यह शर्मनाक है कि मेरे बारे में पूरी तरह से निराधार अफवाहें फैलायी जा रही हैं. मैं बीफ या किसी भी प्रकार का लाल मांस नहीं खाती.” सिंह ने कहा कि कंगना हिमाचल की बेटी होने का दावा कर रही हैं लेकिन ‘देवभूमि’ की कई बेटियां हैं जिन्होंने राज्य और राष्ट्र को कई क्षेत्रों में गौरवान्वित किया तथा ”मेरी बड़ी बहन एवं मणिपुर की मुख्य न्यायाधीश उनमें से एक हैं.”

पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर के एक बयान का जवाब देते हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा, ”मुझे जयराम ठाकुर से किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है जो हर क्षण अपने निर्णय बदलते रहते हैं और मुख्यमंत्री रहने के दौरान भी ऐसा किया करते थे.” ठाकुर ने कहा था कि बार-बार अपना रुख बदलने को लेकर विक्रमादित्य सिंह को अब ‘पल-पल पलटूराम’ के तौर पर जाना जाएगा.
सिंह ने कहा कि जो लोग यह कह रहे हैं कि उन्होंने अक्सर अपने बयान बदले हैं, उन्हें राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण तक नहीं मिला था.

मंत्री ने कहा, ”मैंने कहा था कि मैं समारोह में शामिल होऊंगा और मैंने ऐसा किया.” सिंह ने कहा कि उनके परिवार का मंडी के लोगों से भावनात्मक जुड़ाव है क्योंकि उनके पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और मां प्रतिभा सिंह इस सीट से तीन बार जीती हैं. उन्होंने कहा, ”लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए मजबूत उम्मीदवार उतारे जाएंगे तथा उनके नामों पर निर्णय 13 अप्रैल को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लिया जाएगा.” उन्होंने कहा कि वह आलाकमान के निर्देशों का पालन करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu