कंगना रनौत और आर. माधवन ने नयी फिल्म की शूटिंग शुरू की

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 27 Jan 2025 01:51 PM
कंगना रनौत और आर. माधवन ने नयी फिल्म की शूटिंग शुरू की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: अभिनेत्री कंगना रनौत ने ‘तनु वेड्स मनु’ फिल्म में अपने सह-कलाकार रह चुके आर. माधवन के साथ एक नयी फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। अभिनेत्री ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह घोषणा रनौत की ‘इमरजेंसी’ फिल्म के रिलीज होने के कुछ दिनों बाद की गई है, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई है। रनौत द्वारा निर्देशित, लिखित और निर्मित फिल्म ‘इमरजेंसी’ 17 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

हिमाचल प्रदेश के मंडी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ स्टोरी पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें नयी फिल्म का ‘क्लैपरबोर्ड’ दिखाया गया है।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘‘फिल्म सेट पर होने से ज्यादा आनंददायक कुछ नहीं है।’’ आगामी फिल्म का निर्देशन विजय करेंगे और इसका निर्माण ‘ट्राइडेंट आर्ट्स’ के आर रविन्द्रन द्वारा किया जाएगा।

रनौत और माधवन ने इससे पहले 2011 में आनंद एल राय की फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ में एक साथ काम किया था जो बॉक्स आॅफिस पर सफल रही थी। इसके बाद 2015 में इसके सीक्वल के रूप में ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ रिलीज हुई थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital