कंगना रनौत की फिल्म ‘इमरजेंसी’ सितंबर में होगी रिलीज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 25 Jun 2024 08:03 PM
कंगना रनौत की फिल्म ‘इमरजेंसी’ सितंबर में होगी रिलीज
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेत्री से सांसद बनीं कंगना रनौत की फिल्म ‘इमरजेंसी’ छह सितंबर को रिलीज होगी. फिल्म निर्माताओं ने मंगलवार को यह जानकारी दी. रनौत ने सोमवार को 18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन हिमाचल प्रदेश के मंडी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद के रूप में शपथ ली थी.

रनौत ने ‘इमरजेंसी’ में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई है. इस फिल्म की रिलीज की तारीख कई बार टल चुकी है. इसे पहले 24 नवंबर, 2023 को रिलीज किया जाना था. ‘इमरजेंसी’ की मुख्य अभिनेत्री, लेखिका, निर्देशक और निर्माता रनौत ने कहा कि उन्होंने अपनी यह फिल्म बनाने के लिए विलियम शेक्सपियर के नाटक ‘द ट्रेजेडी ऑफ मैकबेथ’ से प्रेरणा ली.

अभिनेत्री ने कहा, ”मैं विलियम शेक्सपियर के ‘मैकबेथ’ से बहुत प्रेरित हूं. ‘इमरजेंसी’ का सार वह विनाश है जो महत्वाकांक्षा द्वारा नैतिक बाधाओं को तोड़ देने के बाद होता है. यह भारतीय लोकतंत्र का निस्संदेह सबसे सनसनीखेज अध्याय है और मैं छह सितंबर 2024 को दुनिया भर में इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं.” रनौत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह ”स्वतंत्र भारत के सबसे काले अध्याय के 50वें वर्ष की शुरुआत” के अवसर पर अपनी फिल्म ‘इमरजेंसी’ की रिलीज की घोषणा कर रही हैं.

उन्होंने लिखा, ”भारतीय लोकतंत्र के इतिहास के सबसे विवादास्पद प्रकरण की विस्फोटक गाथा.” ‘इमरजेंसी’ में अनुपम खेर, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमन, श्रेयस तलपड़े, विशाक नायर और दिवंगत सतीश कौशिक भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं. इस फिल्म का निर्माण ‘जी स्टूडियोज’ और रनौत की ‘मणिर्किणका फिल्म्स’ ने किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu