कांकेर: सड़क निर्माण कार्य में शामिल तीन मशीनों को नक्सलियों ने जलाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Feb 2023 01:47 PM
ऑडियो सुनें

कांकेर. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सड़क निर्माण कार्य में लगी तीन मशीनों को महिला नक्सलियों ने जला दिया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पंखाजूर) धीरेंद्र पटेल ने कहा कि यह घटना शनिवार शाम को राज्य की राजधानी रायपुर से करीब 200 किलोमीटर दूर परतापुर थाना क्षेत्र के कामटेड़ा एवं गट्टाकल गांव के बीच हुई लेकिन उसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत यह सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा था. अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार, नक्सली वर्दी में हथियारबंद महिला नक्सलियों के एक समूह ने निर्माण स्थल पर धावा बोल दिया और वहां काम कर रहे लोगों को काम रोकने की धमकी दी तथा उनके मोबाइल फोन छिन लिए.

उन्होंने कहा कि नक्सलियों ने इसके बाद एक मिक्चर मशीन सहित तीन मशीनों में आग लगा दी और वहां से फरार हो गए. पटेल ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम घटनास्थल पहुंची और दोषियों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान शुरू किया.

पुलिस के मुताबिक, नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों पर हमले करके और सड़कों के निर्माण कार्य में शामिल वाहनों और मशीनों को नुकसान पहुंचाकर सड़क निर्माण कार्यों को अक्सर बाधित करने की कोशिश की है . इस संभाग में कांकेर समेत सात जिले हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu