
श्रीनगर. दक्षिण कश्मीर में रविवार को करीब 15,000 श्रद्धालुओं ने प्राकृतिक रूप से बने बर्फ के शिवलिंग के दर्शन किए, जिसके साथ ही अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या तीन लाख के आंकड़े को पार कर गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा, ”वार्षिक यात्रा के 16वें दिन रविवार को 14,974 तीर्थयात्रियों ने यात्रा की और बाबा भोलेनाथ के दर्शन किए.”
अधिकारियों ने बताया कि 3,880 मीटर की ऊंचाई पर पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 3,09,957 तक पहुंच गई है. अधिकारियों ने बताया कि 9,755 पुरुष तीर्थयात्री, 3,291 महिला तीर्थयात्री, 245 साधु और एक साध्वी उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने आज पवित्र गुफा में दर्शन किए. सुरक्षाबलों के 1,500 से अधिक र्किमयों और 159 बच्चों ने भी दर्शन किये. यह 52 दिवसीय तीर्थयात्रा 19 अगस्त को संपन्न होगी. पिछले साल 4.5 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर में दर्शन किए थे.



