केरल : ईसाई संगठन ने किशोरों के लिए ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म का किया प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Apr 2024 08:10 PM
केरल : ईसाई संगठन ने किशोरों के लिए ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म का किया प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

तिरूवनंतपुरम. विवादास्पद बॉलीवुड फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ के दूरदर्शन पर प्रसारण को लेकर पैदा विवाद के बीच, केरल में एक कैथोलिक संगठन ने “गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम” के तहत किशोरों के लिए यह फिल्म प्रर्दिशत की है. प्रमुख सिरो मालाबार कैथोलिक चर्च के तहत ‘इडुक्की डायोसिज’ ने पिछले सप्ताह कक्षा 10, 11 एवं 12 की छात्राओं के लिए फिल्म का प्रदर्शन किया और उनसे इस फिल्म पर चर्चा करने एवं इसकी एक समीक्षा लिखने को कहा.

सुदीप्तो सेन निर्देशित यह फिल्म केरल की महिलाओं के एक समूह पर केंद्रित है जिन्हें इस्लाम अपनाने और आतंकी संगठन आईएसआईएस में शामिल होने के लिए विवश किया गया था. इस फिल्म के प्रदर्शन की खबर सुर्खियों में आते ही ‘डायोसिज’ ने सोमवार को स्पष्टीकरण जारी कर दावा किया कि फिल्म “प्रेम संबंधों और इसके परिणामों एवं खतरों के बारे में जागरूकता पैदा करने” के लिए दिखाई गई थी. ‘डायोसिज’ के मीडिया प्रभारी फादर जिन्स काराक्कट ने कहा कि वे हर साल छुट्टियों में बच्चों के लिए गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करते हैं. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए विशिष्ट विषयों का चयन किया जाता है और इसके लिए खास किताबें तैयार की जाती हैं.

पादरी ने कहा, “इस साल यह कार्यक्रम 2, 3 एवं 4 अप्रैल को आयोजित किया गया. कक्षा 10, 11 और 12 के बच्चों के लिए तैयार की गई पाठ्यपुस्तकों का विषय प्रेम संबंध था.” उन्होंने बताया, “आजकल ऐसी परिस्थितियां हैं जिनमें बड़े पैमाने पर किशोर प्रेम में पड़कर खतरों का सामना कर रहे हैं. इसलिए, हमारा इरादा अपने बच्चों के बीच ऐसे खतरों को लेकर जागरूकता पैदा करना है.” फादर काराक्कट ने कहा कि बच्चों तक इस विचार को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए, फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ दिखाई गई. उन्होंने कहा कि गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में फिल्म पर चर्चा करने और समीक्षा करने के लिए भी कहा गया.

फिल्म से जुड़े विवाद के बारे में पूछे जाने पर पादरी ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है और उन्हें सिर्फ यह जानकारी है कि यह ‘ओटीटी’ मंच पर रिलीज हुई है. केरल में सत्तारूढ. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विपक्षी कांग्रेस के विरोध के बावजूद दूरदर्शन ने पिछले हफ्ते ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म का प्रसारण किया था.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 23 अक्टूबर 2026 का दैनिक राशिफल: शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की उपासना के लिए खास माना जाता है। जानिए करियर, धन, सेहत और रिश्तों के लिहाज से आपकी राशि के लिए आज का दिन कैसा रहेगा।
  2. 2 Deepak Mittal दवाईयों का ज्यादा डोज कारोबारी की मौत का कारण, दीपक मित्तल की बेटी का आरोप, सोने की चेन और कड़ा गायब, संदिग्ध युवती से पूछताछ जारी
  3. 3 Earthquake : तिब्बत में आया 7.0 तीव्रता का भूकंप, जमीन से 10 किमी अंदर पाया गया केंद्र, यहीं से आई थी नेपाल में विनाशकारी बाढ़
  4. 4 Sexual harassment भारत के गोल्ड मेडलिस्ट की करतूत! यौन उत्पीड़न के आरोप में जापान से डिपोर्ट करके भारत भेजा गया, जानिए कौन है यह खिलाड़ी

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu