सफेद गेंद के प्रारूप के बादशाह साबित हो रहे हैं केएल राहुल

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 11 Apr 2025 02:58 PM
सफेद गेंद के प्रारूप के बादशाह साबित हो रहे हैं केएल राहुल
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू: एक समय टीम के लिये अपनी उपयोगिता साबित करने के लिये जूझ रहे केएल राहुल ने चैम्पियंस ट्रॉफी से लेकर आईपीएल तक जिस तरह अपनी तकदीर का पासा पलटा है, वह उनके जैसा तकनीकी कौशल का धनी बल्लेबाज ही कर सकता है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ आईपीएल मैच में चिन्नास्वामी की पेचीदा पिच पर 175 की स्ट्राइक रेट से 53 गेंद में नाबाद 93 रन बनाकर उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से जीत दिलाई। उनका अर्धशतक जोखिमरहित था जिसमें 29 गेंद में 29 रन बनाने के बाद बाकी 64 रन सिर्फ 24 गेंद में बनाये गए।

यह कहना आसान है कि कर्नाटक का होने के कारण हालात से वाकफियत से उन्हें तेजी से रन बनाने में मदद मिली। हो सकता है कि ऐसा हुआ हो लेकिन सिर्फ यही कारण नहीं है। वह दिल्ली टीम की बल्लेबाजी की धुरी बने हैं तो अपने तकनीकी कौशल के दम पर। उन्होंने बृहस्पतिवार को एक बार फिर साबित कर दिया कि टीम का उन पर भरोसा बेमानी नहीं है।

जोश हेजलवुड को 15वें ओवर में तीन चौकों और एक छक्के समेत 22 रन लेकर उन्होंने मैच का पासा दिल्ली के पक्ष में पलट दिया। आरसीबी के मेंटोर दिनेश कार्तिक ने राहुल की पारी की तारीफ करते हुए कहा ,‘‘ टी20 में अलग अलग क्रम पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं है लेकिन उसने पिछले कुछ समय में ऐसा बखूबी किया है । मेरा मानना है कि वह उच्च स्तर का मध्यक्रम का बल्लेबाज है।’’

उन्होंने कहा,‘‘ उसके पास कौशल हमेशा से था लेकिन अब वह और स्वतंत्रता से खेल रहा है। उसे देखकर अच्छा लग रहा है।’’ आरसीबी को उसके गढ में हराने के बाद जिस तरह मैदान पर सर्कल बनाकर बीच में उन्होंने अपना बल्ला ठोंककर जश्न मनाया, उससे साबित होता है कि सीमित ओवरों के प्रारूप में वह अपने हुनर का लोहा मनवाने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने बाद में यह भी कहा,‘‘ यह मेरा घरेलू मैदान है और मैं दूसरों से बेहतर इसे जानता हूं।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital