नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को नौ विकेट पर 153 रन पर रोका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Apr 2024 10:08 PM
नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को नौ विकेट पर 153 रन पर रोका
ऑडियो सुनें

कोलकाता. वरूण चक्रवर्ती की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में सोमवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को नौ विकेट पर 153 रन के स्कोर पर रोक दिया. चक्रवर्ती (16 रन पर तीन विकेट), र्हिषत राणा (28 रन पर दो विकेट) और वैभव अरोड़ा (29 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने दिल्ली की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और टीम की ओर से कोई बड़ी साझेदारी नहीं हुई. सुनील नारायण (24 रन पर एक विकेट) और मिशेल स्टार्क (43 रन पर एक विकेट) ने भी एक-एक विकेट चटकाया.

नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कुलदीप यादव (26 गेंद में नाबाद 35, पांच चौके, एक छक्का) दिल्ली की ओर से शीर्ष स्कोरर रहे जबकि उनके अलावा कप्तान ऋषभ पंत (20 गेंद में 27 रन, दो चौके एक छक्का) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए. पंत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन टीम की शुरुआत खराब रही. पृथ्वी साव (13) ने मिशेल स्टार्क के पहले ओवर में तीन चौके मारे लेकिन अगले ओवर में अरोड़ा की गेंद पर विकेटकीपर फिल सॉल्ट को कैच दे बैठे.

सलामी बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क (12) ने स्टार्क की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन अगली गेंद पर डीप स्क्वायर लेग पर वेंकटेश अय्यर को कैच थमा गए. शाई होप (06) ने अरोड़ा पर छक्के के साथ खाता खोला लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड को गए जिससे दिल्ली का स्कोर तीन विकेट पर 36 रन हो गया. पंत ने अरोड़ा पर चौका मारा जबकि अभिषेक पोरेल ने र्हिषत राणा का स्वागत लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्के के साथ किया. दिल्ली ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 67 रन बनाए. राणा ने पोरेल (18) को बोल्ड करके दिल्ली को चौथा झटका दिया.

पंत 18 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब चक्रवर्ती की पहली ही गेंद पर शॉर्ट फाइन लेग पर राणा ने उनका कैच टपका दिया.
पंत हालांकि इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और चक्रवर्ती की गेंद पर नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को कैच दे बैठे.
चक्रवर्ती ने अगले ओवर में अच्छी फॉर्म में चल रहे ट्रिस्टन स्टब्स (04) को सॉल्ट के हाथों कैच कराया. दिल्ली के रनों का शतक 13वें ओवर में पूरा हुआ.

अक्षर पटेल (15) ने अरोड़ा पर लगातार दो चौके मारे लेकिन सुनील नारायण ने उन्हें बोल्ड कर दिया. चक्रवर्ती ने कुमार कुशाग्र (01) को सॉल्ट के हाथों कैच कराके तीसरी सफलता हासिल की. कुलदीप ने मिशेल स्टार्क पर छक्के और चौके के साथ रन गति में इजाफा किया. उन्होंने पारी के अंतिम ओवर में आंद्रे रसेल पर दो चौकों के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu